Wednesday, March 4, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

‘मराठा मिलिट्री लैंडस्केप्स’ को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में स्थान, भारत की 44वीं धरोहर बनी

17वीं-19वीं सदी के 12 किलों को मिली वैश्विक पहचान, प्रधानमंत्री मोदी और यूनेस्को ने साझा की खुशी

नई दिल्ली। भारत के लिए एक और गर्व का क्षण आया है। मराठा मिलिट्री लैंडस्केप्स’ को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल कर लिया गया है। यह भारत की 44वीं विश्व धरोहर संपदा बनी है। यूनेस्को की महानिदेशक ऑड्रे अजोले ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।

सैन्य कौशल और स्थापत्य का प्रतीक

‘मराठा मिलिट्री लैंडस्केप्स’ में 17वीं से 19वीं सदी के बीच बनाए गए 12 ऐतिहासिक किलों को शामिल किया गया है। इनमें से 11 किले महाराष्ट्र में स्थित हैं — शिवनेरी, रायगढ़, प्रतापगढ़, लोहगढ़, राजगढ़, साल्हेर, खंडेरी, पन्हाला, सुवर्णदुर्ग, विजय दुर्ग और सिंधुदुर्ग, जबकि 1 किला तमिलनाडु के जिंजी में स्थित है। ये किले मराठा साम्राज्य की सैन्य रणनीति, किलेबंदी की पारंपरिक शैली और भौगोलिक समझदारी को दर्शाते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिक्रिया

पीएम नरेंद्र मोदी ने इस मान्यता पर खुशी जताते हुए कहा,

“जब हम मराठा साम्राज्य की बात करते हैं, तो हम उसे सुशासन, सैन्य शक्ति, सांस्कृतिक गौरव और सामाजिक कल्याण से जोड़ते हैं। उनके शासक अन्याय के आगे कभी नहीं झुके। यह मान्यता हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है।”

प्रधानमंत्री ने लोगों से इन किलों को देखने और मराठा इतिहास के गौरवशाली अध्यायों को जानने का आग्रह भी किया।

यूनेस्को की सराहना

यूनेस्को की महानिदेशक ऑड्रे अजोले ने पीएम मोदी की पोस्ट को साझा करते हुए लिखा,

“प्रिय प्रधानमंत्री मोदी, मैं आपके और भारत के लोगों के साथ इस खुशी में शामिल हूं। 17वीं-19वीं सदी के ये 12 शानदार किले अब पूरी मानवता की साझा विरासत बन चुके हैं।”

सांस्कृतिक धरोहर को अंतरराष्ट्रीय पहचान

भारतीय अधिकारियों ने बताया कि यह मान्यता केवल स्थापत्य कला की प्रशंसा नहीं, बल्कि भारत की इतिहासबोध, संरक्षण नीति और सैन्य परंपरा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मान मिलने का प्रमाण है।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल भारत की सांस्कृतिक पहचान मजबूत हुई है, बल्कि वैश्विक मंच पर मराठा साम्राज्य की दूरदृष्टि, सैन्य दक्षता और स्थापत्य कौशल को भी सम्मान मिला है।

 

Popular Articles