Top 5 This Week

Related Posts

भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर रूस से जताई चिंता, जयशंकर ने लावरोव से की अहम बातचीत

नई दिल्ली। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ बैठक में भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। मनीला में आसियान विदेश मंत्रियों की बैठक के इतर हुई मुलाकात में उन्होंने संघर्ष प्रभावित क्षेत्र में कार्यरत भारतीय समुद्री कर्मियों की सुरक्षा को लेकर भारत की गंभीर चिंता से रूस को अवगत कराया।

यह मुद्दा हाल ही में ब्लैक सी क्षेत्र में एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले के बाद सामने आया, जिसमें चार भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद भारत ने पहले भी रूस के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया था और अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की थी।

बैठक के दौरान जयशंकर और लावरोव ने भारत-रूस द्विपक्षीय संबंधों की व्यापक समीक्षा की। दोनों नेताओं के बीच व्यापार एवं निवेश, ऊर्जा, कनेक्टिविटी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, कुशल पेशेवरों की आवाजाही सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। इसके अलावा यूक्रेन संघर्ष और पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया गया।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत ने स्पष्ट किया है कि विदेशों में कार्यरत भारतीय नागरिकों, विशेषकर समुद्री क्षेत्र से जुड़े कर्मियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक होने पर संबंधित देशों के साथ समन्वय कर रही है।

भारत ने एक बार फिर सभी पक्षों से अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और निर्दोष नागरिकों की जान की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है। सरकार का कहना है कि वैश्विक समुद्री व्यापार और भारतीय नाविकों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।

Popular Articles