Top 5 This Week

Related Posts

ब्रिटेन की जेल में बंद हैं रामनगर के कैप्टन अजय पंत, रूस के प्रतिबंधित तेल की ढुलाई का आरोप; पत्नी ने पीएम मोदी से लगाई गुहार

रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड के रामनगर स्थित चिल्किया निवासी मर्चेंट नेवी कैप्टन अजय पंत पिछले कई महीनों से ब्रिटेन की जेल में बंद हैं। उन पर रूस से जुड़े अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों का उल्लंघन करते हुए कच्चे तेल की ढुलाई करने का आरोप है। पति की रिहाई के लिए उनकी पत्नी ऋतु पंत लगातार प्रयास कर रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार से मामले में हस्तक्षेप कर अजय की सुरक्षित वतन वापसी कराने की अपील की है।

जानकारी के अनुसार, चार जून 2026 को रूस के उस्त-लूगा टर्मिनल से करीब एक लाख टन कच्चा तेल लेकर टैंकर एमवी स्मिर्टोस भारत के लिए रवाना हुआ था। इस जहाज की कमान कैप्टन अजय पंत के हाथों में थी। 14 जून को ब्रिटेन की नेशनल क्राइम एजेंसी और रॉयल मरीन ने इंग्लिश चैनल में जहाज को रोककर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद कैप्टन पंत को हिरासत में ले लिया गया।

दोषी पाए जाने पर हो सकती है 10 साल की सजा

ब्रिटिश अधिकारियों ने अजय पंत पर रूस के खिलाफ लगाए गए प्रतिबंधों का उल्लंघन कर तेल दूसरे देश तक पहुंचाने का आरोप लगाया है। दोषी साबित होने पर उन्हें अधिकतम 10 साल की जेल हो सकती है। हालांकि, बचाव पक्ष का कहना है कि अजय पंत जहाज के कप्तान के रूप में कंपनी के निर्देशों का पालन कर रहे थे। तेल की खरीद-बिक्री और उसके गंतव्य का फैसला करना उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं था।

भारत सरकार ब्रिटिश अधिकारियों के संपर्क में

विदेश मंत्रालय और लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग इस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के अनुसार, भारतीय अधिकारी ब्रिटिश प्रशासन, कैप्टन के वकीलों और परिवार के संपर्क में हैं। उनकी सुरक्षा और कानूनी सहायता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। नौ नवंबर को उनकी पत्नी ने भी ब्रिटेन में उनसे मुलाकात की थी।

15 दिसंबर से प्रस्तावित है मुकदमे की सुनवाई

जुलाई में ब्रिटिश अदालत ने अजय पंत की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। फिलहाल वह एचएमपी विनचेस्टर जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। 12 नवंबर को उनके खिलाफ आरोप हटाने संबंधी याचिका पर सुनवाई निर्धारित है। वहीं, 15 दिसंबर से चार सप्ताह तक जूरी ट्रायल प्रस्तावित है।

रामनगर में उनका परिवार उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठा है। उनकी दो बेटियां और बुजुर्ग माता-पिता लगातार उनके घर लौटने का इंतजार कर रहे हैं।

Popular Articles