पहले मुंह में कपड़ा ठूंसकर गला दबाने का आरोप, फिर शव को फंदे पर लटकाकर आत्महत्या दिखाने की कोशिश; पति, सास, जेठ और ननद गिरफ्तार
रामनगर। दहेज की भूख ने एक नवविवाहिता की जिंदगी निगल लेने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर कोहिनूर की हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं, वारदात पर पर्दा डालने के लिए शव को दुपट्टे के सहारे पंखे पर लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश भी की गई। मामले में पुलिस ने मृतका के पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, मुरादाबाद जिले के बुढनपुर निवासी नसीम अहमद ने 18 अक्टूबर को रामनगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी कोहिनूर का निकाह 16 मई 2026 को रामनगर के खताड़ी निवासी उवेश के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी में दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष की मांगें खत्म नहीं हुईं। बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद के लिए कोहिनूर को कथित तौर पर प्रताड़ित किया जा रहा था।
विवाद के बाद हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार, दहेज और पारिवारिक मामलों को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। विवेचना में सामने आए तथ्यों के मुताबिक, विवाद के दौरान कोहिनूर के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसकी गर्दन पर दबाव डाला गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को दुपट्टे से पंखे पर लटकाकर हत्या को आत्महत्या दिखाने का प्रयास किए जाने का आरोप है।
चार आरोपी गिरफ्तार, अन्य की भूमिका की जांच
मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पति उवेश (22), सास नसरीन (50), जेठ अनस (23) और ननद शबा (20) को गिरफ्तार किया है। पुलिस अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम का उत्साह बढ़ाने के लिए एसएसपी नैनीताल ने ढाई हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।




