Tuesday, March 3, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

“बुके नहीं, बुक दीजिए” : सीएम धामी

देहरादून — मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक जय सिंह रावत की पुस्तक उत्तराखंड राज्य का नवीन राजनीतिक इतिहास” का विमोचन किया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने पुस्तक को राज्य के राजनीतिक विकास क्रम का महत्वपूर्ण और संदर्भीय दस्तावेज बताया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने समाज में पढ़ने की संस्कृति को प्रोत्साहित करने पर जोर देते हुए कहा —
अब बुके नहीं, बुक दीजिए।”
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की राजनीतिक यात्रा संघर्ष और संकल्प से भरी रही है, और बीते 25 वर्षों के राजनीतिक–प्रशासनिक परिवर्तनों को प्रमाणिक स्वरूप में प्रस्तुत करना एक गंभीर और चुनौतीपूर्ण कार्य था, जिसे लेखक ने सफलतापूर्वक किया है।

सीएम धामी ने कहा कि राज्य के इतिहास, संस्कृति और लोक परंपराओं पर अनेक पुस्तकें उपलब्ध हैं, लेकिन राज्य गठन के बाद की राजनीतिक घटनाओं का क्रमबद्ध और विस्तृत विश्लेषण पहली बार इस स्वरूप में सामने आया है। उन्होंने इस पुस्तक को नई पीढ़ी के लिए उपयोगी और मार्गदर्शक बताया।

लेखक जय सिंह रावत ने जानकारी दी कि पुस्तक में उत्तराखंड की राजनीतिक संरचना, शासन प्रणाली, प्रशासनिक निर्णयों और राज्य के विकास–दिशा को गहराई से विश्लेषित किया गया है। पुस्तक पांच भागों में विभाजित है और इसे शोधार्थियों, छात्रों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए विशेष रूप से उपयोगी बताया गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी पुस्तक की प्रशंसा की और कहा कि यह आने वाली पीढ़ियों को उत्तराखंड के राजनीतिक सफर को विस्तार से समझने में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन की पृष्ठभूमि से लेकर वर्तमान तक की यात्रा को समेटना लेखक की दूरदर्शिता और परिश्रम का परिणाम है।

पुस्तक विमोचन समारोह में कई वरिष्ठ पत्रकार, लेखक, शिक्षाविद और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Popular Articles