हल्द्वानी। बीएलएम एकेडमी में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। इस वर्ष की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” के अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन इंटरनेशनल नैचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन (आईएनओ), आयुष मंत्रालय, भारत सरकार की पहल पर योगाचार्य हेमंत जोशी के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए योग, ध्यान एवं स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संकल्प लिया। योग सत्र के दौरान विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की तकनीकों का अभ्यास कराया गया। साथ ही ध्यान एवं तनाव प्रबंधन पर आयोजित कार्यशाला में प्रतिभागियों को मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम ने प्रतिभागियों को अपने अनुभव साझा करने तथा योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। योग दिवस के आयोजन से सभी के बीच स्वास्थ्य, सकारात्मकता एवं संतुलित जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संदेश प्रसारित हुआ।





