सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक बंद रहेगी बिजली; एचटी लाइन और एबी केबल बदलने का चलेगा काम
हल्द्वानी। शहर में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के नाम पर अब कई इलाकों में लोगों को घंटों बिजली कटौती झेलनी पड़ेगी। ऊर्जा निगम ने एचटी लाइन, एबी केबल और अन्य विद्युत लाइनों के मरम्मत व रखरखाव के लिए अलग-अलग फीडरों पर शटडाउन का कार्यक्रम जारी किया है। इसके तहत 30 सितंबर तक विभिन्न क्षेत्रों में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
23 और 24 सितंबर को इन इलाकों में कटौती
बरेली रोड फीडर से जुड़े बरेली रोड, धर्मपुरा, मंगल पड़ाव, गली नंबर-1 से 11, मेडिकल कॉलेज और हिमालय फार्म क्षेत्र प्रभावित रहेंगे।
रामपुर रोड फीडर के अंतर्गत रामपुर रोड, शीशमहल, हीरा नगर, जेल, नीलकंठ अस्पताल और महिला अस्पताल क्षेत्र में भी निर्धारित समय पर बिजली बंद रहेगी।
25 और 26 सितंबर को बाजार-काठगोदाम रोड फीडर प्रभावित
बाजार फीडर के तहत बद्रीपुरा, ऑफिसर कॉलोनी, आनंद बाग, तहसील, सरस मार्केट, बाजार क्षेत्र और मल्ला गोरखपुर में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
वहीं काठगोदाम रोड फीडर से जुड़े कालाढूंगी रोड, बद्रीपुरा, पांडे निवास, कैनाल कॉलोनी, पंत कॉलोनी, सतीश कॉलोनी, संजय कॉलोनी और मुखानी क्षेत्र में भी कटौती रहेगी।
30 सितंबर को गांधी नगर फीडर की बारी
30 सितंबर को गांधी नगर फीडर में शटडाउन प्रस्तावित है। इस दौरान आंबेडकर नगर, गांधी नगर, लाइन नंबर-8 और 16 तथा मंगल पड़ाव क्षेत्र की बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
ऊर्जा निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार ने उपभोक्ताओं से निर्धारित अवधि में सहयोग की अपील की है। निगम के मुताबिक मरम्मत और रखरखाव का काम पूरा होते ही संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।





