नई दिल्ली। भारत और बांग्लादेश के बीच सीमा सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर अगले सप्ताह नई दिल्ली में उच्चस्तरीय वार्ता होने जा रही है। सीमा सुरक्षा बल (BSF) और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के महानिदेशक स्तर की बैठक 8 से 11 जून के बीच आयोजित होगी, जिसमें सीमा पर बाड़बंदी (फेंसिंग), भारतीय नागरिकों पर हमलों, अवैध घुसपैठ और सीमा पार अपराधों जैसे संवेदनशील मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, भारत वार्ता में सीमा क्षेत्रों में भारतीय नागरिकों और बीएसएफ जवानों पर होने वाले हमलों का मुद्दा प्रमुखता से उठाएगा। इसके अलावा अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने वाले बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान और उन्हें वापस भेजने की प्रक्रिया को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है।
बैठक में तस्करी, मानव तस्करी, ड्रोन गतिविधियों, सीमा पार अपराधों और सीमा सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। भारत लंबे समय से सीमा पर फेंसिंग कार्य को तेजी से पूरा करने की दिशा में प्रयासरत है, ताकि घुसपैठ और गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।
भारत और बांग्लादेश के बीच लगभग 4,096 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा है, जिसमें अब भी करीब 860 किलोमीटर क्षेत्र में फेंसिंग का कार्य शेष है। दोनों देशों के बीच होने वाली यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि बांग्लादेश में नई सरकार के गठन के बाद यह पहला बड़ा सीमा सुरक्षा संवाद होगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस वार्ता से सीमा प्रबंधन को और प्रभावी बनाने, अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने तथा दोनों देशों के बीच सुरक्षा सहयोग को मजबूती मिलने की उम्मीद है। बैठक के समापन पर संयुक्त चर्चा रिकॉर्ड पर हस्ताक्षर किए जाने की संभावना है।





