Top 5 This Week

Related Posts

बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा, ढाका में बम धमाकों से दहशत; पेट्रोल बम से बस में लगाई आग, चालक जिंदा जला

ढाका। बांग्लादेश में हिंसा की घटनाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं। राजधानी ढाका समेत कई इलाकों में बम धमाकों और बसों में आगजनी की घटनाओं से दहशत का माहौल है। इसी बीच फरिदपुर जिले में सोमवार सुबह उपद्रवियों ने एक खड़ी बस को पेट्रोल बम से आग के हवाले कर दिया। इस घटना में 60 वर्षीय बस चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई।

ढाका में कई जगह हुए बम धमाके

राजधानी ढाका में सोमवार को कई स्थानों पर कच्चे बम (क्रूड बम) फेंके गए। फार्मगेट मेट्रो स्टेशन के नीचे एक बस में आग लगा दी गई। इसके अलावा ढाका विश्वविद्यालय, जिला जज कोर्ट, मीरपुर और अन्य इलाकों में विस्फोट की घटनाएं सामने आईं।

ढाका विश्वविद्यालय के टीएससी परिसर और सरकारी बांग्ला कॉलेज के आसपास भी धमाकों की सूचना मिली। कुछ स्थानों पर दुकानों में आगजनी भी की गई। इन घटनाओं के बाद पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है।

बस चालक को नहीं मिला बचने का मौका

फरिदपुर में हुई घटना में उपद्रवियों ने सड़क किनारे खड़ी बस को निशाना बनाया। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक बाहर नहीं निकल सका और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

50 से अधिक धमाकों की सूचना

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में ढाका और आसपास के इलाकों में 50 से अधिक कच्चे बम धमाके और बसों में आगजनी की आठ घटनाएं दर्ज की गई हैं। इन हमलों में पुलिसकर्मियों समेत कई लोग घायल हुए हैं।

ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि इन घटनाओं के पीछे लोगों में दहशत फैलाने और सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश हो सकती है। पुलिस ने कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान की जा रही है।

लगातार हो रही हिंसक घटनाओं के चलते बांग्लादेश में कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Popular Articles