Top 5 This Week

Related Posts

फैसले से पहले बनभूलपुरा में पुलिस का शक्ति प्रदर्शन, गलियों से छतों तक निगरानी

रेलवे भूमि मामले की सुनवाई से पहले चप्पे-चप्पे पर पहरा, ड्रोन-कैमरों से नजर; फ्लैग मार्च से दिया सख्ती का संदेश

हल्द्वानी। सुप्रीम कोर्ट के संभावित फैसले से पहले बनभूलपुरा में पुलिस ने अपनी तैयारियों का खुला प्रदर्शन कर दिया है। रेलवे भूमि मामले को लेकर संवेदनशील क्षेत्र में सुरक्षा घेरा कड़ा करते हुए पुलिस ने व्यापक फ्लैग मार्च और एरिया डोमिनेशन किया। सड़कों पर भारी पुलिस बल, आसमान में ड्रोन और संवेदनशील इलाकों में लगातार चेकिंग ने साफ कर दिया कि पुलिस किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने रेलवे स्टेशन से लेकर लाइन नंबर 17, इंद्रानगर बड़ी रोड, मुजाहिद चौक, गोपाल मंदिर, ठोकर, शनि बाजार रोड, ताज मस्जिद, 16 नंबर तिराहा, गांधी नगर, लाइन नंबर 8, चोरगलिया रोड, ताज चौराहा और भारद्वाज चौराहा समेत विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला।

सड़कों पर पुलिस, आसमान में ड्रोन

फ्लैग मार्च के दौरान थाना पुलिस के साथ पीएसी, एंटी रायट टीम, बीडीएस, फायर और ड्रोन टीम भी तैनात रही। पुलिस ने संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन तेज कर दिया है। एहतियातन प्रीवेंटिव डिटेंशन की कार्रवाई भी की जा रही है।

CCTV और ड्रोन से हर गतिविधि पर नजर

पुलिस की निगरानी जमीन तक सीमित नहीं है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ स्पेशलाइज्ड ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि किसी भी संभावित स्थिति को समय रहते नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा तंत्र को सक्रिय रखा गया है।

एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के नेतृत्व में निकाले गए फ्लैग मार्च में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार समेत विभिन्न थानों के अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहा।

अफवाह फैलाई तो सीधे कार्रवाई

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने क्षेत्रवासियों से सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का सम्मान करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अफवाह और भ्रामक सूचनाओं से बचने को कहा है। पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी निगरानी रख रही है। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली भ्रामक, तथ्यहीन या आपत्तिजनक पोस्ट और टिप्पणियों के मामले में कठोर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

फैसले से पहले पुलिस का साफ संदेश

बनभूलपुरा में बढ़ाई गई सुरक्षा और लगातार निगरानी के बीच पुलिस ने साफ संकेत दे दिया है कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद किसी भी तरह का उपद्रव या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Popular Articles