Top 5 This Week

Related Posts

फतेहपुर में भीषण विस्फोट से दो मंजिला मकान ध्वस्त, पांच की मौत; चार बच्चे भी शामिल

फतेहपुर। मलवां कस्बे में सोमवार शाम हुए भीषण विस्फोट से पटाखा व फल विक्रेता सुरेश गुप्ता का दो मंजिला मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर ढह गया। हादसे में सुरेश के बेटे और भतीजों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के तीन मकानों की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।

जानकारी के अनुसार, सुरेश गुप्ता की पत्नी उमा देवी घर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान रसोई में गैस सिलिंडर से चूल्हे तक लगे पाइप में आग लग गई। आग सिलिंडर तक पहुंचने के बाद तेज धमाका हुआ। उस समय मकान की दूसरी मंजिल पर सुरेश का 18 वर्षीय बेटा कुनाल और उनके भाइयों के चार बच्चे मौजूद थे। विस्फोट के बाद मकान का मलबा गिरने से सभी दब गए।

ग्रामीणों और पुलिस की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया और मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने यश, वेद, अर्पित और कुनाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं करीब 90 प्रतिशत झुलसे 25 वर्षीय आलोक ने देर रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि करीब 500 मीटर तक इसकी आवाज सुनाई दी। घटनास्थल के आसपास धूल और धुएं का गुबार छा गया तथा कई मकानों को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद एसडीआरएफ की टीम को भी राहत एवं बचाव कार्य के लिए बुलाया गया।

हादसे के कारण को लेकर जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने रसोई गैस सिलिंडर से विस्फोट होने की बात कही है। हालांकि, घर में दीपावली के लिए पटाखे रखे होने की आशंका के चलते फोरेंसिक टीम इसकी भी जांच कर रही है। अधिकारियों ने अभी बारूद से विस्फोट की पुष्टि नहीं की है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के स्वजन को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

Popular Articles