रुद्रपुर। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल ने संगठन के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक छाबड़ा को जनपद ऊधम सिंह नगर, जनपद नैनीताल एवं जनपद काशीपुर का प्रभारी मनोनीत किए जाने पर रुद्रपुर व्यापार मंडल में हर्ष का माहौल है । इस अवसर पर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने अशोक छाबड़ा का अंगवस्त्र पहनाकर एवं मिष्ठान खिलाकर स्वागत किया।
इस मौके पर जिला व्यापार मंडल के महामंत्री निर्मल हंसपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने अशोक छाबड़ा को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपना संगठन की दूरदर्शी सोच का परिचायक है। उन्होंने कहा कि छाबड़ा का लंबा संगठनात्मक अनुभव, व्यापारियों की समस्याओं की गहरी समझ तथा संघर्षशील व्यक्तित्व व्यापार मंडल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में व्यापार मंडल प्रत्येक छोटे, मध्यम एवं बड़े व्यापारी की आवाज को मजबूती के साथ उठाएगा तथा व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव अग्रणी भूमिका निभाएगा।
रुद्रपुर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने कहा कि अशोक छाबड़ा का संगठनात्मक अनुभव और व्यापारियों के बीच उनकी मजबूत पकड़ व्यापार मंडल को और अधिक सशक्त बनाएगी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के समक्ष आज अनेक चुनौतियां हैं, जिनके समाधान के लिए एक मजबूत एवं अनुभवी नेतृत्व की आवश्यकता है। छाबड़ा के नेतृत्व में व्यापार मंडल पूरी ताकत और दमखम के साथ व्यापारियों की समस्याओं एवं अधिकारों की लड़ाई लड़ेगा।
अशोक छाबड़ा पूर्व में व्यापार मंडल के अनेक महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। संगठन के विस्तार एवं मजबूती में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारियों को मिलेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संगठन जनपद ऊधम सिंह नगर, नैनीताल एवं काशीपुर में और अधिक मजबूत होगा तथा व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करेगा।
जुनेजा ने प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने एक योग्य, कर्मठ एवं अनुभवी व्यक्ति को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपकर व्यापारियों की भावनाओं का सम्मान किया है। प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन एवं छाबड़ा के नेतृत्व में संगठन निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगा।
इस दौरान व्यापारियों एवं पदाधिकारियों ने अशोक छाबड़ा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। यहां पर प्रदेश संगठन मंत्री राजेश बंसल, गदरपुर व्यापार मंडल महामंत्री संदीप चावला, राजकुमार सीकरी, पवन गाबा पल्ली,शिवन सेठी, चीनू दुआ, चेतन खनिजों, मनजीत गगनेजा, गौरव गांधी,दानिश अहमद, अंश अग्रवाल, सागर छाबड़ा, गगन दुनेजा आदि व्यापारी मौजूद थे।



