एलन मस्क के स्पेसएक्स ने अपने स्टारशिप रॉकेट की नए परीक्षण उड़ान को सोमवार को इसके निर्धारित प्रक्षेपण से ठीक पहले रोक दिया है। जिसमें विशालकाय अंतरिक्ष यान के साथ एक समस्या का हवाला दिया गया। इसे लेकर स्पेसएक्स ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘आज के उड़ान परीक्षण प्रयास से पीछे हट रहे हैं। ‘स्टारशिप टीम उड़ान भरने के लिए अगला सबसे अच्छा उपलब्ध अवसर निर्धारित कर रही है।’ पुनर्निर्धारित प्रक्षेपण की घोषणा अभी तक नहीं की गई है, हालांकि स्पेसएक्स के कर्मचारी डैन हुओट ने घटना के लाइव फीड के दौरान कहा कि यह लगभग 24 घंटे होने की उम्मीद है। ईसाई धर्मगुरु पोप फ्रांसिस की श्वसन संबंधी समस्या बढ़ गई है। सोमवार को वेटिकन ने कहा कि उन्हें फिर से नॉन इनवेसिव वेंटिलेशन पर रखा गया है। पोप को दो सप्ताह पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जब फेफड़ों में बहुत अधिक बलगम जमा हो जाने से उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी थी। अस्पताल में भर्ती होने के दौरान उनकी श्वसन संबंधी समस्या बढ़ गई थी और वह निमोनिया से भी पीड़ित हो गए थे। सोमवार को जारी ताजा बयान में वेटिकन ने कहा कि 88 वर्षीय पोप के स्वास्थ्य में गिरावट उनके फेफड़ों में काफी बलगम जमा होने और श्वास नलिका में ऐंठन के कारण हुई है। उनको दो ब्रोंकोस्कोपी की गई है। उनके फेफड़ों से तत्काल बलगम निकाले जाने की आवश्यकता है। हालांकि, वह चेतनावस्था में हैं और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ सहयोग कर रहे हैं। सोमवार को ही दिन के समय उन्होंने अस्पताल से ही श्रद्धालुओं के लिए एक संदेश जारी किया था।जापानी चंद्रमा अन्वेषण कंपनी आईस्पेस ने कहा कि उसका रेजिलिएंस लैंडर 6 जून को स्थानीय समयानुसार सुबह 4:24 बजे (5 जून को 1924 GMT) चंद्रमा पर उतरने का प्रयास करेगा, जो अप्रैल 2023 में पहला प्रयास विफल होने के बाद उसका दूसरा प्रयास होगा। यह रविवार को अमेरिकी कंपनी फायरफ्लाई एयरोस्पेस के ब्लू घोस्ट अंतरिक्ष यान की सफल चंद्रमा लैंडिंग के बाद होगा, जिसने जनवरी में आईस्पेस के रेजिलिएंस के साथ एक ही स्पेसएक्स रॉकेट साझा किया था। वहीं एक अन्य अमेरिकी फर्म, इंट्यूटिव मशीन्स ने भी पिछले सप्ताह अपना दूसरा चंद्र लैंडर एथेना लॉन्च किया और आने वाले दिनों में चांद पर उतारने का लक्ष्य रखा है।
लोकतांत्रिक गणराज्य कांगो में चल रही हिंसा के बीच एम23 विद्रोही लगातार कब्जा कर रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि एम23 विद्रोहियों ने पूर्वी कांगो के एक प्रमुख शहर के दो अस्पतालों से कम से कम 130 बीमार और घायल लोगों का अपहरण कर लिया। संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय की प्रवक्ता रवीना शमदासानी ने बताया कि 28 फरवरी को एम23 विद्रोहियों ने गोमा स्थित सीबीसीए एनडोशो अस्पताल और हील अफ्रीका अस्पताल पर हमला किया। विद्रोहियों ने सीबीसीए से 116 रोगियों और हील अफ्रीका से 15 अन्य लोगों को अगवा कर लिया। विद्रोहियों को शक था कि अस्पताल में भर्ती मरीज कांगो सेना के सैनिक या सरकार समर्थक वाजालेंडो मिलिशिया के सदस्य थे। शमदासानी ने उनकी तत्काल रिहाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यह दुखद है कि एम23 ने अस्पताल के बिस्तरों से मरीजों को अगवा किया। उन्हें अज्ञात स्थानों पर बिना किसी संपर्क के बंधक बनाकर रखा गया है।