नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को नेटफ्लिक्स के सह-सीईओ टेड सारंडोस से मुलाकात की। इस दौरान भारत के तेजी से बढ़ते मीडिया एवं मनोरंजन उद्योग, भारतीय कहानियों की वैश्विक पहचान और देश को विश्वस्तरीय कंटेंट निर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बैठक की जानकारी साझा करते हुए कहा कि भारत की समृद्ध कहानी कहने की परंपरा और रचनात्मक प्रतिभा देश को वैश्विक कंटेंट निर्माण का प्रमुख केंद्र बना सकती है। उन्होंने कहा कि भारतीय मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
बैठक के दौरान नेटफ्लिक्स ने भारत में रचनात्मक प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘नेटफ्लिक्स इंडिया स्टोरीटेलिंग इनिशिएटिव’ की घोषणा भी की। इस पहल के तहत युवा फिल्मकारों, एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों से जुड़े प्रतिभाशाली युवाओं को प्रशिक्षण, उद्योग से जुड़ी शिक्षा और नए अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
कंपनी के अनुसार, इस पहल के तहत भारतीय संस्थानों के साथ साझेदारी कर नई पीढ़ी के कंटेंट क्रिएटर्स को वैश्विक स्तर के कौशल प्रदान किए जाएंगे। साथ ही, भारतीय कहानियों को दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाने और देश की रचनात्मक अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
टेड सारंडोस ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे समृद्ध कहानी कहने वाली परंपराओं में से एक है। पिछले वर्षों में भारतीय कंटेंट को वैश्विक दर्शकों का व्यापक समर्थन मिला है और नेटफ्लिक्स भविष्य में भी भारतीय रचनात्मक प्रतिभाओं में निवेश जारी रखेगा।





