उत्तराखंड सरकार ने प्रांतीय रक्षक एवं विकास दल (पीआरडी) के जवानों को बड़ी राहत देते हुए उनके वर्दी भत्ते में एक हजार रुपये की वृद्धि कर दी है। अब पीआरडी जवानों को 1500 रुपये के बजाय 2500 रुपये वर्दी भत्ता प्रदान किया जाएगा। इस संबंध में विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा ने आधिकारिक शासनादेश जारी कर दिया है।
सरकार के आदेश के अनुसार, वर्दी भत्ता 42 दिवसीय आधारभूत प्रशिक्षण पूरा करने के बाद तथा उसके बाद प्रत्येक दो वर्ष में दिया जाएगा। बढ़े हुए भत्ते के साथ ही पीआरडी जवानों के लिए सर्दी और गर्मी, दोनों मौसमों के लिए अलग-अलग यूनिफॉर्म सेट भी निर्धारित किए गए हैं। इनमें सामान्य वर्दी के अतिरिक्त सर्दियों के लिए अंगोरा कमीज-पैंट, ऊनी जर्सी और फर युक्त जैकेट शामिल हैं। यह सुविधा केवल सुरक्षा कार्यों में तैनात पीआरडी जवानों को जिला युवा कल्याण एवं पीआरडी अधिकारियों की सिफारिश पर उपलब्ध होगी।
विभागीय मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश सरकार पीआरडी जवानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए लगातार कदम उठा रही है। वर्दी भत्ते में यह बढ़ोतरी उनके समर्पण और सेवा को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा समेत कई महत्वपूर्ण अवसरों पर पीआरडी जवानों ने उत्कृष्ट कार्य किया है और विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद अपनी जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन किया है। इसी को ध्यान में रखते हुए पिछले दिनों उन्होंने वर्दी भत्ता बढ़ाने के निर्देश दिए थे।
सरकार के इस निर्णय से प्रदेशभर में तैनात हजारों पीआरडी जवानों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा और उनके लिए आवश्यक वर्दी सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित होगी.





