जयपुर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे राजस्थान के बीकानेर जिले में मंगलवार को भारतीय सेना ने भारतमाला हाईवे पर हेलिकॉप्टर लैंडिंग और टेकऑफ का अभ्यास किया। सीमा से करीब 80 किलोमीटर दूर हुए इस अभ्यास में सेना के रुद्र, ध्रुव और चेतक हेलिकॉप्टरों ने हाईवे के निर्धारित हिस्से पर उतरने के बाद दोबारा उड़ान भरी।
करीब 30 मिनट तक चले इस अभ्यास के दौरान हाईवे पर वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी गई थी। भारतीय सेना की एविएशन शाखा ने हाईवे के एक हिस्से को अस्थायी रनवे के तौर पर इस्तेमाल किया।
वैकल्पिक स्थानों से संचालन की तैयारी
इस अभ्यास का उद्देश्य पारंपरिक एयरबेस और हेलीपैड के अलावा वैकल्पिक स्थानों से सैन्य हेलिकॉप्टरों के संचालन की क्षमता को परखना था। अभ्यास के दौरान हेलिकॉप्टरों की लैंडिंग और टेकऑफ से जुड़ी प्रक्रियाओं का परीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने अभ्यास के दौरान सतह की स्थिति, हवा की दिशा और गति, दृश्यता तथा सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखा। पश्चिमी राजस्थान के रेगिस्तानी क्षेत्र की परिस्थितियों में हेलिकॉप्टर संचालन की तैयारियों को भी इस दौरान परखा गया।
भारतीय सेना के लिए इस तरह के अभ्यास आपात परिस्थितियों में वैकल्पिक स्थानों से विमानन अभियानों को संचालित करने की तैयारियों का हिस्सा हैं। हाईवे के चयनित हिस्से का इस्तेमाल कर सेना ने सड़क आधारित अस्थायी संचालन क्षमता का भी परीक्षण किया।





