Top 5 This Week

Related Posts

पाकिस्तानी मंत्री के भारत दौरे पर सियासी घमासान, विपक्ष बोला- केंद्र सरकार विदेश नीति से कर रही समझौता

नई दिल्ली। शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सभ्यता संवाद मंच में शामिल होने के लिए पाकिस्तानी जलवायु मंत्री मुसादिक मलिक के दिल्ली पहुंचने के बाद देश में सियासी विवाद गहरा गया है। विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उसकी विदेश नीति पर सवाल उठाए हैं। विपक्ष का आरोप है कि आतंकवाद के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाने का दावा करने वाली सरकार अब पाकिस्तान के प्रति दोहरा रवैया अपना रही है।

समाजवादी पार्टी के नेता फखरुल हसन चांद ने कहा कि भाजपा अपनी विदेश नीति को लेकर असमंजस में है। उनका कहना है कि सरकार हमेशा कहती है कि आतंकवाद और बातचीत एक साथ नहीं चल सकते, लेकिन अब एक पाकिस्तानी मंत्री को SCO की बैठक में शामिल होने के लिए भारत आने की अनुमति दी जा रही है।

कांग्रेस ने भी सरकार को घेरा

कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने केंद्र सरकार पर विदेश नीति से समझौता करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों में विरोधाभास दिखाई दे रहा है। उन्होंने क्रिकेट के मुद्दे का जिक्र करते हुए कहा कि एक तरफ पाकिस्तान के साथ खेलने को लेकर अलग रुख अपनाया जाता है, वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तानी मंत्री भारत पहुंच रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में काम करने का आरोप भी लगाया।

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने भी पाकिस्तानी मंत्री के पुराने बयानों को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान और सिंधु जल समझौते को लेकर मलिक की भाषा किसी मंत्री के अनुरूप नहीं थी। उन्होंने दोहराया कि आतंकवाद और बातचीत साथ-साथ नहीं चल सकते।

वहीं, एनसीपी (एसपी) नेता क्लाइड क्रास्टो ने भी सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।

सिंधु जल समझौते पर बयान को लेकर विवाद

पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक भारत के सिंधु जल समझौते को निलंबित करने के फैसले के बाद अपने तीखे बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं। उन्होंने पहले चेतावनी देते हुए कहा था कि पाकिस्तान के पानी को छूने वालों के हाथ काट दिए जाएंगे। उनके इन्हीं बयानों को लेकर भारत में उनकी यात्रा पर सवाल उठ रहे हैं।

गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद किसी पाकिस्तानी नेता का यह पहला भारत दौरा है। मलिक ने स्पष्ट किया है कि उनका यह दौरा द्विपक्षीय बातचीत के लिए नहीं, बल्कि SCO के बहुपक्षीय कार्यक्रम में भाग लेने के लिए है।

Popular Articles