Sunday, February 15, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

नौ से 15 अगस्त के बीच घर-घर में फहराएं तिरंगा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरंगे को रंग देने वाले पिंगली वेंकैया को शुक्रवार को उनकी जयंती पर याद किया। इस मौके पर पीएम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से लोगों से तिरंगा फहराने की सेल्फी लेकर इसे पोस्ट करने की अपील भी की। पीएम ने लिखा, पिंगली वेंकैया जी को उनकी जयंती पर याद करते हैं। हमें तिरंगा देने में उनकी कोशिशों को हमेशा याद रखा जाएगा। हर घर तिरंगा आंदोलन का समर्थन करें और 9 से 15 अगस्त के बीच तिरंगा फहराएं और हर घर तिरंगा डॉट कॉम पर अपनी सेल्फी शेयर करना न भूलें। बताते चलें कि राष्ट्रीय ध्वज के कई मॉडल डिजाइन करने वाले पिंगली आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम के पास 2 अगस्त, 1876 को जन्मे थे। उनके एक डिजाइन को महात्मा गांधी ने विजयवाड़ा में 1921 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की बैठक के दौरान मंजूरी दी थी। पिंगल के इस डिजाइन के आधार पर ही आज का भारतीय राष्ट्रीय ध्वज बना है।   दरअसल, वेंकैया एक उत्साही स्वतंत्रता सेनानी थे। राष्ट्रीय ध्वज को डिजाइन कर वह स्वतंत्र भारत की भावना का पर्याय बन गए। उन्होंने 4 जुलाई 1963 को अंतिम सांस ली।

पीएम मोदी ने 28 जुलाई को अपनी 112वें ‘मन की बात’ में सभी भारतीयों से स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि 13 अगस्त से 15 अगस्त तक घरों, कार्यालयों और दुकानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आजादी के अमृत महोत्सव का हिस्सा है। इसे भारत की आजादी के 75वें वर्ष को चिह्नित करने के लिए और तिंरगा फहराने में प्रोत्साहन देने के लिए शुरू किया गया था। इस पहल का मकसद लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना जगाना और राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देना है।

Popular Articles