Top 5 This Week

Related Posts

नेपाल में बाढ़ से तबाही, मृतकों की संख्या 626 पहुंची; 320 भारतीय अब भी लापता, भारत ने भेजी राहत सामग्री

काठमांडू/नई दिल्ली। नेपाल और तिब्बत सीमा क्षेत्र में आई विनाशकारी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। नेपाल में मृतकों की संख्या बढ़कर 626 हो गई है, जबकि बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता हैं। इनमें 320 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। भारत सरकार ने राहत और बचाव अभियान में सहयोग बढ़ाते हुए नेपाल के लिए 10 टन अतिरिक्त मानवीय सहायता भेजी है।

भारत ने भेजी 10 टन राहत सामग्री

भारत ने नेपाल के लिए राहत सामग्री की तीसरी खेप भेजी है। भारतीय वायुसेना के विमान से भेजी गई इस खेप में पोर्टेबल जनरेटर, खाद्य पैकेट, पानी शुद्ध करने वाली गोलियां और अन्य जरूरी सामान शामिल हैं। इसके साथ डॉक्टरों और पैरामेडिकल कर्मियों की टीम भी नेपाल भेजी गई है।

भारत ने नेपाल को बचाव कार्य में तकनीकी सहायता देने की भी पेशकश की है। सुरंग में फंसे लोगों को निकालने के लिए एक विशेष टनल रेस्क्यू टीम भेजने की तैयारी है। इसके अलावा संपर्क व्यवस्था बहाल करने के लिए बेली ब्रिज और अन्य उपकरण उपलब्ध कराने की पेशकश की गई है।

320 भारतीयों का अब तक पता नहीं

विदेश मंत्रालय के अनुसार, बाढ़ के बाद 320 भारतीय नागरिक लापता या संपर्क से बाहर हैं। इसके अलावा भारतीय मूल के 100 से अधिक लोगों के भी संपर्क में नहीं होने की जानकारी सामने आई है। राहत की बात यह है कि चीन की ओर फंसे करीब 400 भारतीय सुरक्षित बताए गए हैं, जबकि 149 भारतीय नेपाल पहुंच चुके हैं।

नेपाल में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। हालांकि, बाढ़ से सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त होने तथा कई क्षेत्रों में संचार व्यवस्था बाधित होने के कारण बचाव दलों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों को कुछ इलाकों में दोबारा बाढ़ आने की आशंका भी है।

भारत ने स्पष्ट किया है कि वह नेपाल सरकार के साथ लगातार संपर्क में है और जरूरत के अनुसार मानवीय सहायता, चिकित्सा सेवाएं तथा बचाव संसाधन उपलब्ध कराने के लिए तैयार है।

Popular Articles