काठमांडू। भारत के पड़ोसी देश नेपाल में गुरुवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। सुबह करीब 4:30 बजे आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.9 मापी गई। अचानक धरती हिलने से लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप का केंद्र नेपाल में जमीन से करीब 73 किलोमीटर नीचे था। इसका केंद्र 27.671 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 87.987 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया। यह स्थान भारत के सिक्किम में स्थित युकसोम से करीब 40 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में है।
नींद से जागकर घरों से बाहर निकले लोग
भूकंप के झटके उस समय महसूस किए गए, जब अधिकांश लोग गहरी नींद में थे। अचानक कंपन होने से लोग घबरा गए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। नेपाल के आसपास के हिमालयी क्षेत्रों में भी भूकंपीय गतिविधियां लगातार सामने आ रही हैं।
इस सप्ताह दूसरी बार महसूस हुए झटके
नेपाल में इससे पहले भी इसी सप्ताह भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। पिछले शुक्रवार को हुम्ला जिले में 4.2 तीव्रता का भूकंप आया था। इसका असर आसपास के मुगु और बाजहांग जिलों में भी महसूस किया गया था।
गौरतलब है कि नेपाल भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में आता है। भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटों के बीच लगातार होने वाली हलचल के कारण हिमालयी क्षेत्र में भूकंप आते रहते हैं।





