Top 5 This Week

Related Posts

नशे के जाल में अब महिलाएं भी! पुलिस की दोहरी कार्रवाई, स्मैक के साथ युवती और 144 पव्वे शराब सहित युवक गिरफ्तार

हल्द्वानी। युवा पीढ़ी को नशे की दलदल में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। चिंताजनक बात यह है कि अब इस अवैध कारोबार में महिलाओं की भागीदारी भी सामने आने लगी है। बनभूलपुरा पुलिस ने एक ही दिन में दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए स्मैक के साथ एक युवती और भारी मात्रा में अवैध शराब ले जा रहे एक युवक को गिरफ्तार कर नशा तस्करों को कड़ा संदेश दिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। अभियान के दौरान पुलिस ने सबसे पहले गौला पार्किंग स्थित सज्जाद की झोपड़ी के पास संदिग्ध गतिविधियों में शामिल एक युवती को रोककर उसकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान युवती के कब्जे से 10.26 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में उसने पुलिस को अपना नाम शहनाज पुत्री शमीम, निवासी 13 बीघा, इंद्रानगर, बताया पुलिस ने तत्काल आरोपी युवती को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि स्मैक की खेप उसे कहां से मिली और वह इसे किन लोगों तक पहुंचाने वाली थी। साथ ही उसके संभावित नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।

इसी अभियान के तहत पुलिस ने गौला पुल क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान स्कूटी संख्या यूके04 एटी 4457 को रोककर तलाशी ली गई। स्कूटी में रखे कट्टे से तीन पेटियों में 144 पव्वे मसालेदार (माल्टा) शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान नीरज जोशी, निवासी हीरानगर, मुखानी मूल निवासी अल्मोड़ के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।

दोनों आरोपियों को कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। नशे का कारोबार करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

Popular Articles