रुद्रप्रयाग। पंचकेदारों में शामिल द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर धाम के कपाट सोमवार सुबह आठ बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के अवसर पर धाम में श्रद्धालुओं और स्थानीय हक-हकूकधारियों की मौजूदगी में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। बाबा के जयकारों के बीच कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की यात्रा का समापन हो गया।
कपाट बंद होने के बाद भगवान मद्महेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हो गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 16 नवंबर को डोली मद्महेश्वर धाम से प्रस्थान कर गौंडार गांव पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा।
इसके बाद 17 नवंबर को डोली गौंडार से रवाना होकर राकेश्वरी मंदिर रांसी पहुंचेगी। 18 नवंबर को रांसी से प्रस्थान कर गिरिया गांव में रात्रि विश्राम करेगी। वहीं, 19 नवंबर को डोली गिरिया गांव से रवाना होकर शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी।
ऊखीमठ में होगी छह माह तक पूजा-अर्चना
भगवान मद्महेश्वर की उत्सव डोली के ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचने पर धार्मिक परंपराओं के अनुसार भव्य स्वागत और विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद आगामी छह माह तक भगवान मद्महेश्वर की नियमित पूजा इसी मंदिर में संपन्न होगी। श्रद्धालु शीतकाल के दौरान ऊखीमठ पहुंचकर बाबा के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
कपाट बंद होने के धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस अवसर पर बदरी-केदार मंदिर समिति के सदस्य डॉ. विनीत चंद्र पोस्ती, ऊखीमठ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी सहित मंदिर समिति के प्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
मद्महेश्वर धाम के कपाट बंद होने के साथ ही अब शीतकालीन पूजा की तैयारियां तेज हो गई हैं।




