गाजा में इस्राइल और हमास के बीच जारी युद्ध पर विराम लगाने को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने शुक्रवार को बड़ा बयान दिया है। उन्होंने युद्ध विराम और बंधकों की रिहाई को लेकर कहा कि दोनों पक्ष समझौते को लेकर पहले से ज्यादा करीब हैं। आशा है कि शीघ्र ही युद्ध विराम पर सहमति बनेगी। अमेरिकी राष्ट्रपति का यह बयान दोहा में दो दिनों की युद्ध विराम वार्ता के बाद आया है। जहां दो दिनों के मंथन के बाद भी कोई सहमति नहीं बन पाई है। इस वार्ता में इस्राइल के खुफिया प्रमुख डेविड बार्निया, अमेरिका और मिस्त्र के समकक्षों के साथ शामिल हुए थे। अब सभी पक्ष युद्ध को रोकने के लिए अगले सप्ताह फिर से वार्ता करेंगे। इस बारे में मीडिया से बात करते हुए बाइडन ने कहा कि मैं कुछ भी गड़बड़ नहीं बोलना चाहता लेकिन हम युद्ध विराम को लेकर पिछले तीन दिनों की तुलना में काफी करीब हैं। सभी पक्ष ने दो दिनों की वार्ता के बाद अगले हफ्ते भी बातचीत जारी रखने के लिए कहा है।
गौरतलब है कि गाजा में पिछले 10 महीनों से चल रहे युद्ध को लेकर यह पहली दफा नहीं है जब अमेरिकी राष्ट्रपति ने समझौते को लेकर आशावादी होने की बात कही हो। बाइडन ने कहा कि समझौते को लेकर हमारे पास कुछ हो सकता है लेकिन अभी हम वहां तक पहुंचे नहीं हैं।
पीएम मोदी की नेतन्याहू से फोन पर बात
इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुक्रवार को अपने इस्राइली समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू के साथ फोन पर बातचीत हुई। पीएम मोदी ने इस दौरान पश्चिम एशिया में तनाव कम करने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही सभी बंधकों की तत्काल रिहाई और मानवीय सहायता जारी रखने की बात दोहराई।
पीएम मोदी ने नेतन्याहू के साथ टेलीफोन पर हुई बातचीत की जानकारी खुद सोशल मीडिया पर दी। उन्होंने कहा कि भारत के 78वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नेतन्याहू के फोन कॉल और हार्दिक शुभकामनाओं की मैं आभार जताता हूं। हमने पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात पर चर्चा की। तनाव को कम करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।





