अल्मोड़ा। देवली गांव में पिछले एक सप्ताह से ग्रामीणों के लिए दहशत का कारण बना तेंदुआ आखिरकार पिंजरे में कैद हो गया। वन विभाग की टीम ने तेंदुए का रेस्क्यू कर उसे एनटीडी स्थित रेस्क्यू सेंटर भेज दिया है। तेंदुए के पकड़े जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
ग्रामीणों के अनुसार तेंदुआ लगातार गांव के आसपास घूम रहा था और कई बार घरों के आंगन तक पहुंच गया था। इससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था। तेंदुए को पकड़ने की मांग पर वन विभाग ने करीब एक सप्ताह पहले गांव में पिंजरा लगाया था।
रविवार रात करीब 11:45 बजे तेंदुआ पिंजरे में फंस गया। इसकी सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू कर एनटीडी स्थित रेस्क्यू सेंटर भेज दिया।
हवालबाग रेंज के रेंजर मोहन राम आर्या ने बताया कि तेंदुए का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद उच्च अधिकारियों के निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तेंदुए के पकड़े जाने के बाद देवली गांव के लोगों ने राहत महसूस की है। हालांकि ग्रामीण क्षेत्र में वन्यजीवों की सक्रियता को देखते हुए सुरक्षा को लेकर अभी भी सतर्क हैं।





