Tuesday, February 17, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

त्रिस्तरीय पंचायतों व निकायों को 694 करोड़, विभिन्न योजनाओं समेत कुल 986 करोड़ के बजट को सीएम की मंजूरी

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में त्रिस्तरीय पंचायतों और शहरी निकायों को बड़ी सौगात दी है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने पंचायतों को 361.25 करोड़ और निकायों को 333 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी। इसके साथ ही राज्य की विभिन्न विकास योजनाओं के लिए कुल 986 करोड़ रुपये का बजट अनुमोदित किया गया।
पंचायतों और निकायों के लिए बजट
मुख्यमंत्री धामी ने पंचम राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों पर वित्तीय वर्ष 2025-26 की तृतीय किस्त के लिए जिला पंचायतों को 83.25 करोड़, क्षेत्र पंचायतों को द्वितीय छमाही किस्त के लिए 78 करोड़ और ग्राम पंचायतों को द्वितीय छमाही किस्त के लिए 200 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त करने की स्वीकृति दी। इसी क्रम में शहरी स्थानीय निकायों को 333 करोड़ तथा तीन गैर-निर्वाचित निकायों को द्वितीय छमाही के लिए तीन करोड़ रुपये जारी करने का अनुमोदन भी दिया गया।
विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए स्वीकृति
• चंपावत की बाराकोट तहसील के अनावासी भवन निर्माण हेतु 3.03 करोड़
• हरिद्वार ऑफिसर्स कॉलोनी में श्रेणी-05 के दो शासकीय आवासों के लिए 1.86 करोड़
• पौड़ी में मीटिंग हॉल और अतिरिक्त कक्षों के निर्माण हेतु 2.08 करोड़
• चंपावत के लोहाघाट बस स्टेशन में कार्यालय भवन, कार्यशाला व स्टोर कक्ष निर्माण के लिए 7.16 करोड़
• मसूरी के अनारवाला–मालसी मोटर मार्ग पर अतिक्रमण हटाने के बाद पुनर्निर्माण कार्य के लिए 3.19 करोड़
• बागेश्वर की सरयू नदी पर स्थित 113 वर्ष पुराने पैदल झूला पुल के जीर्णोद्धार एवं देहरादून काठ बंगला हाउसिंग सोसाइटी में बाह्य विद्युत कनेक्शन और पेयजल लाइन बिछाने के लिए 4.16 करोड़
सिंचाई और अन्य विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने सिंचाई विभाग की 16 परियोजनाओं के लिए कुल 52.81 करोड़ की स्वीकृति दी। इनमें पौड़ी के कोटद्वार दुगड्डा क्षेत्र में खोह नदी के तट पर बाढ़ सुरक्षा कार्य (5.81 करोड़), विकासनगर में नबावगढ़ पुल से मोटर मार्ग निर्माण (3.13 करोड़) और ऊधमसिंहनगर के सितारगंज खनिया नं. 4 में सड़क निर्माण (2.43 करोड़) शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, चंपावत परिसर में केंद्रीय पुस्तकालय, चहारदीवारी और मिनी स्टेडियम के लिए 2 करोड़, कपकोट के ग्राम सीमा स्थित श्री एनजेडी बूबू मंदिर स्थल के विकास के लिए 97.20 लाख, तथा पिथौरागढ़ के ग्राम रौछड़ा से राइका मढ़मानले तक खड़ंजा मार्ग निर्माण के लिए 23.74 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई।
ऊर्जा और ट्रांसमिशन कार्यों के लिए भी बड़ा बजट
सीएम धामी ने उत्तराखंड ट्रांसमिशन स्ट्रेंथनिंग एंड डिस्ट्रीब्यूशन इंप्रूवमेंट प्रोग्राम के तहत चल रहे कार्यों के लिए एडीबी योजना से पहली किस्त के रूप में 200 करोड़ रुपये की धनराशि भी जारी की।
मुख्यमंत्री का संदेश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए पंचायतों और निकायों को मजबूत बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। बजट स्वीकृति का उद्देश्य जमीनी स्तर पर विकास को गति देना और आमजन को बुनियादी सुविधाएं सुलभ कराना है।

Popular Articles