बरेली उपद्रव के बाद विकास प्राधिकरण ने मौलाना तौकीर रजा और उनके करीबियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सोमवार को नगर निगम की कार्रवाई के बाद मंगलवार को बीडीए ने शाहजहांपुर रोड पर हाजी शराफत के हमसफर बरातघर और सुर्खा बानखाना में सपा पार्षद उमान की नई दुकान को सील कर दिया।
दिनभर चली कार्रवाई में बीडीए ने तौकीर और उनके करीबियों के 30 से अधिक अवैध निर्माण चिह्नित किए। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इन संपत्तियों को सील करने और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
सुर्खा क्षेत्र में तौकीर के रिश्तेदार मोहसिन के मकान को सील करते समय पुलिस और बीडीए टीम से नोकझोंक और हाथापाई की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार विदित कुमार के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने मोहसिन और अन्य को हिरासत में लिया और स्थिति पर काबू पाया।
मकान स्वामी मोहसिन ने दावा किया कि उनका भवन 1971 से बना है और उसके दस्तावेज मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है और उस पर स्टे ऑर्डर है। उन्होंने तौकीर रजा से किसी भी रिश्ते से इनकार करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा जिलाध्यक्ष के इशारे पर कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. मनिकंडन ए. ने कहा कि प्राधिकरण को कोई स्टे ऑर्डर प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि दो दिन में स्थिति स्पष्ट कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कहा कि शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
तौकीर रजा के करीबियों पर कार्रवाई तेज





