हल्द्वानी। जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों को दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट का तत्काल सुधार कराने, ओवरस्पीडिंग और रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर कड़ी कार्रवाई करने तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित बैठक में डीएम ने विशेष रूप से तीनपानी बाईपास पर लगातार हो रहे हादसों पर चिंता जताई। उन्होंने एनएच और एनएचएआई के अधिकारियों को सड़क पर सेंसर युक्त एलईडी स्ट्रीट लाइट, रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड, सीसीटीवी कैमरे और रम्बल स्ट्रिप बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि रात के समय विजिबिलिटी बेहतर हो और वाहनों की गति नियंत्रित रह सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि तीनपानी बाईपास पर व्यस्त समय में पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त तैनाती की जाएगी। रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालान, लाइसेंस निलंबन, वाहन सीज करने तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा-281 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अधिकारियों को जिले के सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट का शीघ्र निस्तारण करने, दुर्घटना संभावित स्थानों पर क्रैश बैरियर, चेतावनी बोर्ड, पैराफिट और स्पीड कंट्रोल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
डीएम ने कोसी, अमृतपुर और गौला क्षेत्र में खनिज वाहनों से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए खनिज न्यास निधि से 10 लाख रुपये स्वीकृत होने की जानकारी देते हुए लोक निर्माण विभाग को सभी क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए।




