वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की चुनाव प्रणाली की तारीफ करते हुए अमेरिका में भी प्रत्येक मतदाता के लिए वैध फोटो पहचान पत्र अनिवार्य करने की वकालत की है। ट्रंप ने भारत के चुनावों में मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने की व्यवस्था को चुनावी पारदर्शिता और सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया।
ट्रंप ने भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ हुई बातचीत का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान भारतीय मुख्य चुनाव आयुक्त ने अमेरिका में बिना अनिवार्य फोटो पहचान पत्र के चुनाव होने को लेकर सवाल किया था। ट्रंप ने इसी संदर्भ में अमेरिका में वोटर आईडी व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया।
ट्रंप ने अमेरिका में चुनाव प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए SAVE America Act पारित करने की अपील की। प्रस्तावित कानून में संघीय चुनावों में मतदान के लिए नागरिकता का प्रमाण और सरकारी फोटो पहचान पत्र की आवश्यकता जैसे प्रावधान शामिल हैं। ट्रंप का तर्क है कि मतदाता की पहचान और पात्रता की कड़ी जांच से चुनावी गड़बड़ियों की आशंका कम की जा सकती है।
ट्रंप ने भारत का उदाहरण देते हुए कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में बड़ी संख्या में मतदाताओं के बीच पहचान सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थित प्रक्रिया अपनाई जाती है। उन्होंने भारत और ब्राजील जैसे देशों में मतदाता पहचान को अधिक सुदृढ़ व्यवस्था से जोड़ने का भी उल्लेख किया।
अमेरिका में चुनाव संबंधी नियमों को लेकर लंबे समय से राजनीतिक बहस चलती रही है। ट्रंप प्रशासन चुनावों में नागरिकता सत्यापन, मतदाता पहचान और मतदान प्रक्रिया को लेकर सख्त नियमों का समर्थन करता रहा है। भारत की चुनावी व्यवस्था का उल्लेख इसी व्यापक चुनाव सुधार अभियान के बीच हुआ है।





