अमेरिका-चीन टैरिफ विवाद के बीच भारत को एक सकारात्मक संकेत मिला है। भारत दौरे पर आए चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने सोमवार को विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात कर आश्वासन दिया कि चीन भारत की तीन प्रमुख समस्याओं का समाधान करने में सहयोग करेगा। इनमें दुर्लभ मृदा (Rare Earth Minerals), उर्वरक (Fertilizers) और टनल बोरिंग मशीनों की आपूर्ति संबंधी चुनौतियाँ शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, वांग यी ने भारत की इन जरूरतों को पूरा करने का आश्वासन देते हुए कहा कि चीन इस दिशा में ठोस कदम उठाएगा। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच आर्थिक और व्यापारिक मुद्दों, तीर्थयात्रा, लोगों से लोगों के बीच संपर्क, नदी डेटा साझाकरण, सीमा व्यापार, संपर्क और द्विपक्षीय आदान-प्रदान पर भी चर्चा हुई।
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने इस मौके पर कहा कि भारत ने अपनी जुलाई 2025 की चीन यात्रा के दौरान जो मुद्दे उठाए थे, उन पर आगे बातचीत करना आवश्यक है। दोनों देशों के बीच संवाद जारी रखना क्षेत्रीय स्थिरता और आपसी सहयोग के लिए महत्वपूर्ण है।





