कोलकाता। पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) में अंदरूनी कलह के बीच बड़ा विवाद सामने आया है। पार्टी की वरिष्ठ सांसद काकोली घोष दस्तीदार के बेटे बैद्यनाथ घोष दस्तीदार ने पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी समेत कई वरिष्ठ नेताओं को कानूनी नोटिस भेजा है।
जानकारी के अनुसार, बैद्यनाथ घोष ने आरोप लगाया है कि उनके खिलाफ और उनके परिवार के खिलाफ विधानसभा टिकट (बारासात सीट) को लेकर गलत और मानहानिकारक बयान दिए गए हैं। इसी को लेकर उन्होंने ममता बनर्जी, महुआ मोइत्रा, कल्याण बनर्जी, सौगत रॉय और सोनाली गुहा सहित कई नेताओं को नोटिस भेजकर सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण और माफी की मांग की है।
नोटिस में कहा गया है कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप “झूठे, भ्रामक और मानहानिकारक” हैं और इससे उनकी व्यक्तिगत और पेशेवर छवि को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने यह भी दावा किया है कि उन्होंने किसी भी तरह की राजनीतिक टिकट की मांग नहीं की थी।
साथ ही, नोटिस में 15 दिनों के भीतर बयान वापस लेने और माफी मांगने की मांग की गई है, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
यह पूरा मामला ऐसे समय पर सामने आया है जब टीएमसी पहले से ही आंतरिक कलह और नेताओं के बीच बढ़ते मतभेदों को लेकर सुर्खियों में है। हाल के दिनों में पार्टी के भीतर असंतोष और राजनीतिक खींचतान लगातार बढ़ती नजर आ रही है।
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि यह विवाद टीएमसी की अंदरूनी एकजुटता पर और दबाव बढ़ा सकता है।





