Top 5 This Week

Related Posts

टिहरी में भाजपा का बढ़ा सियासी कुनबा, जौनपुर ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार समेत कई जनप्रतिनिधि पार्टी में शामिल; सभी नौ ब्लॉक प्रमुख अब भाजपा के

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में टिहरी जिले में भाजपा को बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली है। जौनपुर की ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार बुधवार को भाजपा में शामिल हो गईं। उनके साथ कई अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस घटनाक्रम के बाद टिहरी जिले के सभी नौ ब्लॉक प्रमुख भाजपा से जुड़ गए हैं।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने नए सदस्यों का पार्टी का पटका पहनाकर और फूलमालाओं से स्वागत किया। इस दौरान जौनपुर की कनिष्ठ प्रमुख मंजू पंवार, जिला पंचायत सदस्य दीक्षा नेगी, सात क्षेत्र पंचायत सदस्य और करीब एक दर्जन ग्राम प्रधान भी भाजपा में शामिल हुए।

65 पार के लक्ष्य के साथ जुटी भाजपा

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में 65 पार के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। पार्टी में शामिल हो रहे जनप्रतिनिधियों से संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसा राजनीतिक दल है, जहां सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर शीर्ष पद तक पहुंच सकता है।

भट्ट ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं तथा जनकल्याणकारी कार्यों से प्रभावित होकर जनप्रतिनिधि पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के भीतर चल रहा आंतरिक संघर्ष किसी से छिपा नहीं है।

टिहरी के सभी नौ ब्लॉक प्रमुख भाजपा में

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि टिहरी ऐसा जिला बन गया है, जहां अब सभी नौ ब्लॉक प्रमुख पार्टी से जुड़ चुके हैं। उन्होंने इसे संगठन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। भाजपा में शामिल हुए सभी प्रतिनिधियों ने संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।

Popular Articles