Sunday, February 15, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

टिम वाल्ज ने स्वीकारा डेमोक्रेट पार्टी से उपराष्ट्रपति पद का नामांकन

टिम वाल्ज ने डेमोक्रेटिक पार्टी के नेशनल कन्वेंशन में उपराष्ट्रपति पद का नामांकन स्वीकार कर लिया है। नामांकन स्वीकार करने के बाद अपने संबोधन में टिम वाल्ज ने कमला हैरिस का धन्यवाद दिया और कहा कि कमला हैरिस ने उन पर विश्वास दिखाया, इसके लिए वह उनके आभारी हैं। वाल्ज ने राष्ट्रपति जो बाइडन को भी धन्यवाद दिया। वाल्ज ने कहा कि कमला हैरिस संयुक्त राज्य अमेरिका की अगली राष्ट्रपति बनने के लिए ‘अनुभवी और तैयार’ हैं। मिनेसोटा के गवर्नर 60 वर्षीय वाल्ज़ ने कहा कि, कमला हैरिस तैयार हैं। यह हमारा काम है कि हम खाई में उतरें और अवरोधों से निपटने का काम करें। टिम वाल्ज ने कहा कि ‘वह चाहते हैं कि अमेरिकी लोगों के लिए आजादी रहे और लोग अपने जीवन को बेहतर कर सकें। लोगों को इस बात की चिंता नहीं रहनी चाहिए कि उनके बच्चों को स्कूल में गोली मारी जा सकती है।’ वाल्ज ने आरोप लगाया कि रिपब्लिकन का एजेंडा है कि वह सिर्फ अमीर लोगों की सेवा करें और वह मुश्किल में फंसे हमारे पड़ोसी देशों की मदद नहीं करना चाहते। वाल्ज ने कहा कि ‘चाहे कुछ भी हो जाए कमला हैरिस और मैं आपके लिए लड़ेंगे और आपकी आजादी के लिए लड़ेंगे।’ डेमोक्रेटिक पार्टी के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार टिम वाल्ज का सामना रिपब्लिकन पार्टी के जेडी वेंस के साथ होगा। जेडी वेंस लगातार टिम वाल्ज की सैन्य पृष्ठभूमि पर सवाल उठा रहे हैं। वेंस का आरोप है कि वाल्ज ने किसी युद्ध में हिस्सा नहीं लिया है।

पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने कहा कि 2024 में हम इस बात को लेकर साफ हैं कि कमला हैरिस लोगों के बारे में सोचती हैं और ट्रंप सिर्फ अपने बारे में। कमला हैरिस लोगों की समस्या सुलझाने के लिए काम करती हैं और वे लोग (ट्रंप) सिर्फ अपने सपनों को पूरा करने में लगे हैं। डोनाल्ड ट्रंप बदले और साजिशों की राजनीति करते हैं। बिल क्लिंटन ने कमला हैरिस को प्रेसिडेंट ऑफ जॉय (आनंद की अध्यक्ष) बताया। अमेरिका के 42वें राष्ट्रपति रहे बिल क्लिंटन ने कहा कि वह चाहते हैं कि अमेरिका और समावेशी और भविष्य केंद्रित बने।

Popular Articles