ब्राजील में जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के दौरान पैराग्वे के राष्ट्रपति सैंटियागो पेना बीमार पड़ गए। इसके बाद उन्हें सोमवार देर रात रियो के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। ब्राजील के अधिकारियों ने एक बयान में कहा कि इस समय उनका इलाज किया जा रहा है। उन्हें हर जरूरी चिकित्सा मदद दी जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि 46 वर्षीय पेना को शिखर सम्मेलन स्थल से एम्बुलेंस से ले जाया गया। कुछ लैटिन अमेरिकी मीडिया ने बताया कि उन्हें सीने में दर्द की शिकायत थी। पराग्वे के उपराष्ट्रपति पेड्रो एलियाना ने ‘एक्स’ पर कहा कि मैंने राष्ट्रपति पेना से बात की। वे स्वास्थ्य संबंधी शिकायत के बाद रियो डी जेनेरियो के समरिटानो अस्पताल में भर्ती हुए हैं। उनकी तबीयत ठीक है और वे मेडिकल टेस्ट के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।
पराग्वे जी20 का सदस्य नहीं है, लेकिन मेजबान ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने इस गुट के बाहर के कई अन्य नेताओं के साथ पेना को भी शिखर सम्मेलन में आमंत्रित किया था। बीमार होने से पहले पेना अपने देश की आर्थिक स्थिति को अन्य शिखर सम्मेलन प्रतिभागियों के सामने पेश कर रहे थे।





