ब्राजील में जी 20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के दौरान चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने और गाजा में युद्धविराम के लिए आवाज उठाने की अपील की। ब्रासीलिया में चीनी राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए ब्राजील के राष्ट्रपति लुइस इनासियो लूला डी सिल्वा ने जिनपिंग की अपील को दोहराया और यूक्रेन में युद्ध को समाप्त करने वाले रोडमैप पर जोर दिया।
ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा ने कहा, “पूरी दुनिया सशस्त्र और राजनीतिक संघर्षों से जूझ रही है, इस बीच ब्राजील और चीन ने कूटनीतिक और बातचीत को पहले स्थान पर रखा।” जिनपिंग ने कहा कि वे यूक्रेन संकट के राजनीतिक समाधान का मार्ग प्रशस्त करने और शांति के लिए और समर्थन देखना चाहते हैं।
चीनी मीडिया एजेंसी ने कहा, “जिनपिंग ने गाजा में युद्धविराम और युद्ध को जल्द खत्म करने की भी अपील की।” यूक्रेन में शांति के लिए चीन और ब्राजील के रोडमैप का रूस ने भी समर्थन किया, लेकिन यूक्रेन ने इसे खारिज कर दिया। बुधवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने गाजा में तत्काल स्थायी युद्धविराम के प्रस्ताव पर मतदान किया, लेकिन इस्राइल के समर्थक अमेरिका ने इसे वीटो कर दिया।
राष्ट्रपति जिनपिंग की ब्रासीलिया की राजकीय यात्रा ने एशिया और लैटिन अमेरिका की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच गहरे संबंधों को प्रदर्शित किया। दोनों नेताओं ने 35 सहयोग समझौतों पर हस्ताक्षर किए, जिसमें कृषि, व्यापार, तकनीक और पर्यावरण संरक्षण भी शामिल हैं। 2023 की शुरुआत में सत्ता में लौटने के बाद राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा ने चीन और अमेरिका दोनों देशों के साथ संबंधों को बेहतर बनाने का प्रयास किया।





