Monday, February 16, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

जानिए कौन हैं अनीता आनंद, कनाडा सरकार में संभालेंगी विदेश मंत्री का पद

कनाडा की नई सरकार में भारतीय मूल की अनीता आनंद को अहम जिम्मेदारी दी गई है। मार्क कार्नी की कैबिनेट में अनीता आनंद को विदेश मंत्री का पद दिया गया है। लिबरल पार्टी की वरिष्ठ नेता अनीता इससे पहले भी कनाडा की सरकार में रक्षा मंत्री की अहम जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। अब वे मेलिनी जॉली की जगह लेंगी। मेलिनी जॉली को नई सरकार में उद्योग मंत्री बनाया गया है। कनाडा की 58 वर्षीय राजनेता अनीता आनंद ने हिंदू धर्मग्रंथ भगवद गीता पर हाथ रखकर पद की शपथ ली। पूर्व में भी जब अनीता आनंद कनाडा सरकार का हिस्सा बनीं थी, तब भी अनीता ने भगवद गीता पर हाथ रखकर ही पद और गोपनीयता का शपथ ली थी।

विदेश मंत्री पद की शपथ लेने के बाद अनीता आनंद ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि कनाडा की नई विदेश मंत्री बनकर मैं सम्मानित महसूस कर रही हूं। मैं प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और अपनी टीम के साथ मिलकर सुरक्षित, निष्पक्ष दुनिया का निर्माण करने और कनाडा के लोगों की सेवा करने की तरफ देख रही हूं। मार्क कार्नी की कैबिनेट में 28 मंत्री हैं। मार्क कार्नी ने दिखाया है कि वह जस्टिन ट्रूडो युग का अनुसरण करने के बजाय नई शुरुआत करना चाहते हैं। कैबिनेट में अनुभव और विविधता का पूरा ख्याल रखा गया है। कैबिनेट में आधी महिलाएं हैं।

भारतीय मूल की अनीता आनंद का जन्म 20 मई 1967 को कनाडा के नोवा स्कोटिया के कैंटविले इलाके में हुआ था। अनीता के माता-पिता सरोज डी राम और एसवी आनंद 1960 के दशक में भारत से कनाडा आकर बसे थे और दोनों पेशे से डॉक्टर थे। अनीता की मां का ताल्लुक पंजाब से और पिता का तमिलनाडु से है। अनीता की दो बहनें गीता और सोनिया भी हैं।

साल 1985 में अनीता आनंद ओंटारियो शिफ्ट हो गईं, जहां उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से राजनीति विज्ञान से स्नातक की पढ़ाई की। इसके बाद अनीता ने डलहौजी यूनिवर्सिटी और यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो से मास्टर की डिग्री हासिल की। अनीता आनंद ने कानून, शिक्षा और जनसेवा जैसे क्षेत्रों में काम किया। अनीता आनंद ने साल 1995 में जॉन नोल्टन से शादी की, जो एक कनाडाई वकील हैं। दोनों के चार बच्चे हैं और फिलहाल वे ओकविले में रहती हैं। कनाडा की सरकार में सेवाएं देने वाली अनीता आनंद पहली हिंदू नेता हैं। कनाडा की रक्षा मंत्री रहने के दौरान उन्होंने कई ऐसे काम किए, जिनके चलते उन्हें खासी लोकप्रियता मिली।

Popular Articles