हल्द्वानी से पहाड़ चढ़े इंस्पेक्टर, कई थानों की कमान खाली… नए चेहरों को लेकर पुलिस महकमे में हलचल
हल्द्वानी। हल्द्वानी के कई अहम थानों से एक साथ इंस्पेक्टरों की विदाई ने पुलिस महकमे में नई तैनाती का सस्पेंस खड़ा कर दिया है। छह निरीक्षक जिले से बाहर रवाना हो गए, पीछे छोड़ गए कई महत्वपूर्ण कोतवालियों की खाली कुर्सियां। अब सवाल सिर्फ तबादलों का नहीं, बल्कि उन कुर्सियों पर बैठने वाले नए चेहरों का है। हल्द्वानी से बनभूलपुरा, मुखानी से कालाढूंगी तक अगला कोतवाल कौन होगा, इस पर निगाहें टिक गई हैं।
शुक्रवार को मिनी पुलिस लाइन हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में स्थानांतरित छह निरीक्षकों को भावभीनी विदाई दी गई। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। विदाई समारोह में अधिकारियों की कार्यशैली, कर्तव्यनिष्ठा और पुलिसिंग में योगदान का बखान हुआ, लेकिन थानों से विदाई के बाद अब उन खाली कुर्सियों को भरने की कवायद चर्चा में है।
कालाढूंगी के प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी ऊधमसिंह नगर भेजे गए हैं। हल्द्वानी कोतवाली के विजय सिंह मेहता और तल्लीताल के हरपाल सिंह को बागेश्वर की जिम्मेदारी मिली है। भवाली के प्रकाश सिंह मेहरा और मुखानी के सुशील चंद्र जोशी अल्मोड़ा रवाना हुए हैं, जबकि बनभूलपुरा के दिनेश सिंह फर्त्याल पिथौरागढ़ में नई जिम्मेदारी संभालेंगे।
कुर्सियां खाली, चर्चाओं का बाजार गर्म
विदाई समारोह में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने निरीक्षकों के कार्यकाल की सराहना की। अधिकारियों को स्मृति चिह्न और उपहार देकर सम्मानित किया गया। कानून-व्यवस्था, वीआईपी ड्यूटी और प्रभावी पुलिसिंग में उनके योगदान को सराहा गया।
लेकिन अब असली हलचल नई तैनाती को लेकर है। शहर की संवेदनशील और महत्वपूर्ण कोतवालियों में नए प्रभारी बैठाने की जिम्मेदारी पुलिस कप्तान के सामने है। खाली कुर्सियों पर कौन बैठेगा, किसे शहर की कमान मिलेगी और किस अधिकारी को संवेदनशील थाने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी—इसका खुलासा आने वाले आदेशों में होगा।
छह इंस्पेक्टर पहाड़ चढ़ गए, अब मैदान के थानों में नए चेहरों की एंट्री किसकी होगी? पुलिस महकमे में अगली सूची का इंतजार शुरू हो गया है।




