Saturday, February 14, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

चमोली: मौसम विभाग का अलर्ट, हिमालयी क्षेत्रों में ट्रैकिंग और निर्माण कार्य दो दिन के लिए स्थगित

गोपेश्वर। उत्तराखंड के चमोली जिले में मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके मद्देनज़र प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से बड़ा फैसला लेते हुए उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ट्रैकिंग और सभी प्रकार के निर्माण कार्यों पर दो दिन की रोक लगा दी है।

भारतीय मौसम विभाग, देहरादून की रिपोर्ट के अनुसार, 5 से 7 अक्तूबर के बीच चमोली जिले में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। विशेष रूप से 6 अक्तूबर को वर्षा का प्रभाव अधिक रहने का अनुमान जताया गया है। इसी चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए अपर जिलाधिकारी (एडीएम) विवेक प्रकाश ने रविवार को आदेश जारी किए।

एडीएम की ओर से जारी आदेश बदरीनाथ, केदारनाथ और अलकनंदा वन प्रभागों, नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क प्रशासन, जिला पर्यटन अधिकारी तथा निर्माण कार्यों से जुड़ी संस्थाओं को भेजे गए हैं। आदेश में कहा गया है कि भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए उच्च हिमालयी क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की नई ट्रैकिंग अनुमति न दी जाए, और जिन लोगों को पहले से अनुमति दी गई है, उनकी गतिविधियां तत्काल प्रभाव से रोक दी जाएं

साथ ही प्रशासन ने सभी निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया है कि ऊँचाई वाले इलाकों में चल रहे निर्माण कार्यों को अस्थायी रूप से बंद किया जाए। इन क्षेत्रों में कार्यरत मजदूरों, श्रमिकों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक इंतज़ाम करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के दौरान यदि किसी प्रकार की दुर्घटना या अप्रिय घटना होती है, तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग या संस्था की होगी।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय निवासियों से भी अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें, अनावश्यक रूप से ऊँचाई वाले इलाकों की यात्रा न करें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करते हुए ही कोई गतिविधि करें।

गौरतलब है कि बीते दिनों पहाड़ी इलाकों में हुई भारी बारिश के चलते कई मार्गों पर भूस्खलन और जलभराव की घटनाएं सामने आई थीं। ऐसे में प्रशासन ने एहतियातन यह कदम उठाया है ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या आपदा से बचा जा सके।

Popular Articles