Wednesday, February 18, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

चकराता में सीजन की पहली बर्फबारी के बाद अलर्ट

चकराता में सीजन की पहली बर्फबारी के बाद शीत ऋतु में राहत कार्यों के लिए प्रशासन और विभागों ने कमर कस ली है। ब्लॉक के 156 सरकारी विद्यालयों में 25 दिसंबर से 31 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश रहेगा। वहीं, क्षेत्र के छह खाद्यान्न गोदामों में तीन माह का एडवांस राशन इसी सप्ताह भेजा जा रहा है।
बर्फबारी में बंद मार्गाें को खोलने के लिए आठ जेसीबी और सड़क से मलबा हटाने के लिए एक स्नो कटर भी लगाए गए हैं। एसडीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।चकराता क्षेत्र में बर्फबारी के दौरान दुर्गम क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं का विद्यालय पहुंचना मुश्किल हो जाता है। इसलिए ब्लॉक क्षेत्र के 12 राजकीय इंटर कॉलेज, 10 उच्च माध्यमिक, 10 उच्च प्राथमिक और 124 प्राथमिक विद्यालयों में शीतकालीन अवकाश की व्यवस्था लागू है। खंड शिक्षाधिकारी बुशरा ने बताया कि 25 दिसंबर से 31 जनवरी के बीच चकराता के 156 विद्यालयों में शीतकालीन अवकाश रहेगा।

भारी बर्फबारी के दौरान रास्ते बंद होने से क्षेत्र में खाद्यान्न संकट भी पैदा हो सकता है। इसी को देखते हुए क्षेत्र में तीन माह का एडवांस राशन भेजा जाता है। ब्लॉक क्षेत्र के चकराता, त्यूणी, सावड़ा, अटाल, लाखामंडल और कोरुवा स्थित छह खाद्यान्न गोदामों में दिसंबर, जनवरी और फरवरी का राशन भेजा जा रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि बर्फबारी के दौरान आपूर्ति की समस्या को देखते हुए केवल कालसी ब्लॉक को छोड़कर अन्य सभी छह गोदामों में इसी सप्ताह राशन पहुंचा दिया जाएगा।

बर्फबारी के दौरान मोटरमार्ग बंद हो जाते हैं। सड़क पर बर्फ जमने से वाहनों के फंसने और रपटने की भी आशंका रहती है। इसी को देखते हुए सड़क निर्माण विभागों ने भी तैयारी की हैं। त्यूणी-चकराता-मसूरी-मलेथा राष्ट्रीय राजमार्ग, कालसी चकराता मोटर समेत कई मार्गों के बंद होने की आशंका रहती है। इसी को देखते हुए आठ जेसीबी और एक स्नो कटर लगाया गया है। मार्ग पर चूने का छिड़काव भी शुरू कर दिया गया है।

Popular Articles