Wednesday, February 18, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

गैरसैंण की 21 वर्षीय प्रियंका बनीं ग्राम प्रधान, CM धामी ने फोन कर दी बधाई

चमोली जनपद के मुख्यमंत्री आदर्श गांव सारकोट में ग्राम प्रधान पद पर 21 वर्षीय प्रियंका नेगी ने जीत हासिल की है। चुनाव में प्रियंका ने 421 मत पाकर अपनी प्रतिद्वंदी प्रियंका देवी (235 मत) को हराया। प्रियंका राज्य की सबसे कम उम्र की ग्राम प्रधानों में से एक हैं। उन्होंने हाल ही में गैरसैंण महाविद्यालय से राजनीतिशास्त्र में स्नातक किया है।
प्रियंका की जीत पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं उन्हें फोन कर बधाई दी और कहा, “गांव के विकास के लिए मिलकर काम करेंगे।” साथ ही उन्होंने पूरे सारकोट ग्रामवासियों को भी एक अच्छा चुनाव लड़ने के लिए सराहना दी।
मुख्यमंत्री ने प्रियंका को देहरादून आमंत्रित किया और गांव में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने, उन्हें सशक्त बनाने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही। उन्होंने यह भी बताया कि सारकोट को एक मॉडल गांव के रूप में विकसित किया जा रहा है और जल्द ही जिले के उच्च अधिकारी गांव का निरीक्षण करेंगे।

गौरतलब है कि 2014 से 2019 तक प्रियंका के पिता राजे सिंह नेगी भी ग्राम प्रधान रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि वे अपनी बेटी के साथ मिलकर गांव के विकास के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
सारकोट गांव, जो मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत आता है, वर्तमान में 300 से अधिक परिवारों का घर है और यहां पलायन की दर नगण्य है — यही कारण है कि मुख्यमंत्री धामी इस गांव को लेकर विशेष रूप से संजीदा हैं।
नव-निर्वाचित ग्राम प्रधान प्रियंका नेगी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता गांव की महिलाओं को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है ताकि वे हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।

Popular Articles