देहरादून। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा 2026 में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के साथ नए रिकॉर्ड बना रही है। गंगोत्री धाम में इस वर्ष पहली बार दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या 7.87 लाख के पार पहुंच गई है। यात्रा अभी जारी है, ऐसे में यह आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है।
13 सितंबर तक चारधाम यात्रा के 148 दिनों में कुल 50 लाख 43 हजार 436 श्रद्धालु चारधामों के दर्शन कर चुके हैं। गंगोत्री धाम में इस वर्ष दर्ज हुई संख्या अब तक के यात्रा इतिहास में सर्वाधिक है। इससे पहले वर्ष 2022 में 7 लाख 81 हजार 961, वर्ष 2025 में 7 लाख 58 हजार 249 और वर्ष 2023 में 7 लाख 12 हजार 749 श्रद्धालुओं ने गंगोत्री धाम में दर्शन किए थे।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन की ओर से व्यवस्थाओं पर लगातार ध्यान दिया जा रहा है। यात्रा के दूसरे चरण में भी बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के पहुंचने का अनुमान है। इसे देखते हुए सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रा से जुड़े जिलों में आपदा प्रबंधन विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
वहीं, बदरीनाथ धाम की यात्रा भी नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है। 23 अप्रैल से शुरू हुई बदरीनाथ यात्रा ने 12 सितंबर को 143 दिन पूरे कर लिए हैं। चारधाम यात्रा में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।





