थाने से महज पांच मीटर दूर चोरों का धावा, पांच लाख के जेवर-नकदी ले उड़े शातिर
रातभर कहां रही पुलिस की निगरानी? घर का कुंडा तोड़कर वारदात, अब सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस
हल्द्वानी/लालकुआं। जब कोतवाली के ठीक बगल में मकान सुरक्षित नहीं, तो शहर की बाकी गलियों की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। लालकुआं में थाने से महज पांच मीटर की दूरी पर चोरों ने एक घर का कुंडा तोड़कर लाखों के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात ने पुलिस की गश्त और चौकसी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने पुलिस के इतने करीब वारदात को अंजाम दिया और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।
वार्ड नंबर चार, आजाद नगर निवासी मोहिनी परिहार के घर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। वह रिश्तेदारी में आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होने गई थीं और रात को घर नहीं लौटीं। इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाया और दरवाजे का कुंडा तोड़कर घर में घुस गए। घर में रखे कीमती सामान को समेटकर चोर फरार हो गए।
मोहिनी परिहार ने पुलिस को बताया चोर दो सोने के मंगलसूत्र, जिनका कुल वजन दो तोले से अधिक बताया गया है, कान के टॉप्स, करीब आधा किलो चांदी और 22 हजार रुपये की नकदी ले गए। इसके अलावा अन्य सामान भी गायब है। चोरी गए सामान की कीमत पांच लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। घर लौटने पर सामान बिखरा मिला तो उनके होश उड़ गए।
चोरी की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ मुखबिर तंत्र की मदद से चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
कोतवाली प्रभारी के मुताबिक, वार्ड नंबर चार में चोरी की सूचना पर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द खुलासे का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के सामने बड़ी चुनौती
मोहिनी परिहार के पति भीम सिंह वन विभाग में कार्यरत थे। उनके पुत्र वीरेंद्र परिहार वर्तमान में टांडा रेंज में डिप्टी रेंजर के पद पर तैनात हैं। कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर हुई इस वारदात ने स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया है।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब थाने के ठीक बगल में चोर बेखौफ होकर घर खंगाल सकते हैं, तो आम लोगों के घरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन निभाएगा? अब देखना होगा कि पुलिस इस चुनौती को कितनी जल्दी स्वीकार कर चोरों को पकड़ती है और वारदात का खुलासा करती है।





