हल्द्वानी। विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों पर बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देशों के बाद प्रशासनिक टीम ने हल्द्वानी के विभिन्न कोचिंग सेंटरों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं और अग्निशमन मानकों की गहन जांच की।
निरीक्षण के दौरान कई कोचिंग संस्थानों में गंभीर सुरक्षा खामियां सामने आईं। विशेष रूप से अनेक संस्थानों में फायर विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) उपलब्ध नहीं मिली, जबकि कई जगह अग्निशमन उपकरण भी मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। प्रशासन ने इसे छात्रों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा मानते हुए तत्काल सख्त कार्रवाई की।
कार्रवाई के तहत सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले पांच कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया गया। वहीं एक अन्य संस्थान को फायर सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक मानकों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
इस संयुक्त निरीक्षण अभियान में सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसडीएम मोनिका आर्या, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार और फायर ब्रिगेड अधिकारी मिंदर पाल सहित संबंधित विभागों की टीम मौजूद रही।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार ने स्पष्ट कहा कि छात्रों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
कोचिंग संस्थानों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, सुरक्षा मानकों में लापरवाही पर पांच सेंटर सील





