Top 5 This Week

Related Posts

कैंसर की 1085 दवाओं की नई कीमतों की सूची जारी, 9 नवंबर से मिलेंगी सस्ती दवाएं

नई दिल्ली। कैंसर मरीजों और उनके परिवारों को इलाज के बढ़ते खर्च से राहत देने के लिए राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) ने कैंसर की 1085 दवाओं के संशोधित अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) की नई सूची जारी की है। मंगलवार को जारी अपडेट में दवा कंपनियों की ओर से 3 नवंबर तक उपलब्ध कराई गई कीमतों को शामिल किया गया है। नई दरें 9 नवंबर 2026 से लागू होंगी।

इससे पहले 28 अक्टूबर को 543 ब्रांड की कैंसर दवाओं की संशोधित कीमतों की सूची जारी की गई थी। अब इसे बढ़ाकर 1085 ब्रांड तक कर दिया गया है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि कंपनियों से नई जानकारी मिलने पर सूची को लगातार अपडेट किया जाएगा।

कई दवाओं की कीमतों में भारी कटौती

सरकार ने 17 अक्टूबर को 137 गैर-अनुसूचित कैंसर दवाओं पर ट्रेड मार्जिन रैशनलाइजेशन (TMR) लागू करने का फैसला किया था। इसका उद्देश्य दवाओं की बिक्री में अत्यधिक मुनाफे पर अंकुश लगाना और मरीजों को किफायती दरों पर दवाएं उपलब्ध कराना है। इसके तहत अधिकतम खुदरा मूल्य पर ट्रेड मार्जिन 30 प्रतिशत तक सीमित किया गया है।

कुछ दवाओं की कीमतों में 90 प्रतिशत से अधिक की कमी दर्ज की गई है। उदाहरण के तौर पर एनारजोल (Anarzole) टैबलेट की कीमत 695.76 रुपये से घटकर 73 रुपये हो गई है। वहीं, एबेवासिजुमैब इंजेक्शन की एक खुराक की कीमत 21,767.70 रुपये से घटकर 5,930.13 रुपये निर्धारित की गई है।

20 से अधिक प्रकार के कैंसर के इलाज में मिलेगी राहत

इस पहल में इम्यूनोथेरेपी की दवाएं भी शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल 20 से अधिक प्रकार के कैंसर के उपचार में किया जाता है। इसके अलावा स्तन और प्रोस्टेट कैंसर के मरीजों के लिए डेनोसुमैब तथा कोलन, ओवेरियन और सर्वाइकल कैंसर के उपचार में इस्तेमाल होने वाली बेवासिजुमैब जैसी दवाएं भी इसमें शामिल हैं।

मरीज ऐसे जांच सकेंगे नई कीमतें

NPPA ने दवा कंपनियों, अस्पतालों और मेडिकल स्टोर को संशोधित कीमतों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। मरीज दवाओं की नई कीमतों की जानकारी NPPA की आधिकारिक वेबसाइट और ‘फार्मा सही दाम’ ऐप के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। सरकार के इस फैसले से कैंसर के इलाज पर होने वाले आर्थिक बोझ को कम करने की उम्मीद है।

Popular Articles