केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज केरल भाजपा के नए राज्य मुख्यालय भवन का उद्घाटन करेंगे और इसी के साथ राज्य में आगामी स्थानीय निकाय चुनाव प्रचार अभियान की भी शुरुआत करेंगे। कार्यक्रम शनिवार सुबह 11 बजे निर्धारित है।
शाह इस दौरान भाजपा का झंडा फहराएंगे और पौधारोपण करेंगे, साथ ही पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिवंगत केजी मारार की कांस्य प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। यह प्रतिमा भवन के केंद्रीय कक्ष में स्थापित की गई है।
5,000 वार्डों के 25,000 जमीनी नेताओं की बैठक
भाजपा ने बताया कि पुथारीकंदम मैदान में होने वाली विशाल वार्ड-स्तरीय बैठक का उद्घाटन भी शाह करेंगे, जिसमें तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथनमथिट्टा और अलप्पुझा जिलों की 5,000 वार्ड समितियों के लगभग 25,000 नेता व्यक्तिगत रूप से शामिल होंगे। इसके अलावा 1.5 लाख से अधिक कार्यकर्ताओं के ऑनलाइन माध्यम से जुड़ने की उम्मीद है।
राज्य नेतृत्व बैठक में लेंगे हिस्सा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने बताया कि दोपहर बाद शाह पार्टी की राज्य स्तरीय बैठक में भाग लेंगे, जिसमें निकाय चुनावों की रणनीति पर चर्चा होगी। यह बैठक केरल में भाजपा के चुनाव अभियान की औपचारिक शुरुआत मानी जा रही है।
कन्नूर एयरपोर्ट पर ड्रोन पर प्रतिबंध
शाह के संभावित कन्नूर दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने एयरपोर्ट के आसपास ड्रोन, पैराग्लाइडर, हॉट एयर बैलून व अन्य मानव रहित विमानों के संचालन पर तीन दिन का प्रतिबंध लगाया है।
जिलाधिकारी अरुण के विजयन के आदेश के तहत यह प्रतिबंध हवाई अड्डे के पांच किलोमीटर दायरे में लागू रहेगा। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया गया है।
केरल निकाय चुनाव प्रचार का आगाज आज से, अमित शाह करेंगे भाजपा कार्यालय का उद्घाटन





