Top 5 This Week

Related Posts

केदारताल ट्रैक हादसा: दो ट्रैकर्स के शव मिले, छह की तलाश जारी; रेस्क्यू अभियान में जुटी एसडीआरएफ और निम की टीमें

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में केदारताल ट्रैक पर हिमस्खलन के बाद लापता हुए आठ लोगों की तलाश में रेस्क्यू टीमों को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार को एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की संयुक्त टीम ने एक महिला और एक पुरुष ट्रैकर का शव बरामद किया। हालांकि, अभी छह अन्य लापता लोगों की तलाश जारी है।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने दो शव मिलने की पुष्टि की है। रेस्क्यू टीम ने करीब चार हजार मीटर की ऊंचाई पर कच्ची ढांग और केदारखड़क के आसपास बर्फ में दबे शवों को बाहर निकाला। खराब मौसम के कारण मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे अभियान रोकना पड़ा और टीम बेस कैंप लौट आई।

29 अक्टूबर को हुआ था हिमस्खलन

जानकारी के अनुसार, 12 सदस्यीय ट्रैकिंग दल 27 अक्टूबर को गंगोत्री से केदारताल के लिए रवाना हुआ था। 29 अक्टूबर को वापसी के दौरान भोज खड़क और कच्ची ढांग के पास अचानक भारी हिमस्खलन हुआ। इसकी चपेट में आने से सात ट्रैकर और एक स्थानीय गाइड लापता हो गए। दल के चार सहयोगी सुरक्षित लौटने में सफल रहे थे।

लापता लोगों में पश्चिम बंगाल के पांच और उत्तर प्रदेश के दो ट्रैकरों के अलावा उत्तरकाशी का एक स्थानीय गाइड शामिल है।

हेलिकॉप्टर से पहुंचाई जाएगी अतिरिक्त सहायता

बुधवार को भी लापता छह लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी रहेगा। एसडीआरएफ और निम की टीमों को अतिरिक्त सहायता देने के लिए एक और दल जरूरी रसद और जीवनरक्षक उपकरणों के साथ केदारखड़क भेजा जाएगा। घटनास्थल के पास वैकल्पिक हेलीपैड भी तैयार किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर हेलिकॉप्टर की मदद ली जा सके।

मौसम खराब होने, लगातार बर्फबारी और दुर्गम पहाड़ी रास्तों के कारण बचाव अभियान में लगातार चुनौतियां आ रही हैं। प्रशासन और बचाव दल लापता लोगों को खोजने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।

Popular Articles