नई दिल्ली। भारत में पाकिस्तान से आयात पर लगे प्रतिबंध को दरकिनार करने की कोशिश करते हुए संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के नाम पर भेजी गई 364 मीट्रिक टन पाकिस्तानी मूल की सूखी खजूर की खेप को राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने गुजरात के कांडला बंदरगाह पर जब्त कर लिया। जब्त खेप की अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ रुपये बताई गई है।
वित्त मंत्रालय के अनुसार, डीआरआई को विशेष खुफिया सूचना मिली थी कि पाकिस्तान से प्रतिबंधित सूखा खजूर तीसरे देश के माध्यम से भारत लाने की कोशिश की जा रही है। इसके बाद अधिकारियों ने कांडला बंदरगाह पर पहुंचे 13 कंटेनरों की गहन जांच की। जांच में दस्तावेजों में माल की उत्पत्ति यूएई दर्शाई गई थी, जबकि वास्तविक स्रोत पाकिस्तान पाया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आयात प्रतिबंध से बचने के लिए माल की उत्पत्ति संबंधी दस्तावेजों में कथित रूप से गलत जानकारी दी गई थी। डीआरआई अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसमें किन आयातकों, एजेंसियों या अन्य पक्षों की भूमिका रही है।
अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई भारत की व्यापारिक और सीमा शुल्क व्यवस्था को धोखा देने की कोशिशों पर सख्त निगरानी का हिस्सा है। हाल के समय में तीसरे देशों के माध्यम से प्रतिबंधित सामान भारत भेजने के प्रयासों के कुछ अन्य मामले भी सामने आए हैं, जिन पर जांच एजेंसियां लगातार नजर बनाए हुए हैं।
डीआरआई ने स्पष्ट किया कि सीमा शुल्क नियमों के उल्लंघन और आयात प्रतिबंधों को दरकिनार करने के किसी भी प्रयास के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। मामले में आगे की जांच के आधार पर संबंधित व्यक्तियों और कंपनियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





