नई दिल्ली, 30 सितंबर। कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक में मंगलवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 2024 में INDIA गठबंधन से अलग होने का मुद्दा भी उठा। वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार को गठबंधन से बाहर नहीं जाने देना चाहिए था। उनके साथ बने रहने पर राजनीतिक परिस्थितियां अलग हो सकती थीं।
दिग्विजय सिंह की टिप्पणी पर कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अलग राय रखी। बैठक में मौजूद सूत्रों के अनुसार, सोनिया गांधी ने कहा कि नीतीश कुमार का गठबंधन से अलग होना पहले से तय था और वह INDIA गठबंधन से बाहर निकलने का रास्ता तलाश रहे थे। उनका मानना था कि उनका जाना टलने वाला नहीं था।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी सोनिया गांधी की बात का समर्थन करते हुए कहा कि नीतीश कुमार INDIA गठबंधन का संयोजक बनने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनकी प्राथमिकता बिहार की राजनीति में सक्रिय रहने की थी। खरगे के अनुसार, नीतीश कुमार ने उनसे पहले भी इस संबंध में बातचीत की थी।
गौरतलब है कि नीतीश कुमार ने 28 जनवरी 2024 को बिहार के महागठबंधन से अलग होकर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए के साथ सरकार बनाई थी। इससे पहले वह विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने की पहल में प्रमुख भूमिका निभा चुके थे।
CWC बैठक में नीतीश कुमार के मुद्दे के अलावा चुनाव आयोग, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी कांग्रेस की रणनीति पर चर्चा हुई।





