Top 5 This Week

Related Posts

कहीं मां की ममता लूटी, कहीं बैंक खाते पर डाका… साइबर ठगों ने हल्द्वानी में मचाई लूट!

एक महिला को बेटे की गिरफ्तारी का डर दिखाकर ठगे 1.15 लाख, दूसरी के खाते से तीन वार में उड़ाए 2.42 लाख रुपये; दो कोतवालियों में मुकदमे दर्ज

हल्द्वानी। साइबर अपराधियों ने अब ठगी के लिए न रिश्तों को छोड़ा है और न ही लोगों की जिंदगीभर की जमा-पूंजी को। कहीं मां की ममता को हथियार बनाकर बेटे की जान खतरे में होने का डर दिखाया जा रहा है तो कहीं बैंक खातों में सेंध लगाकर लाखों रुपये उड़ाए जा रहे हैं। हल्द्वानी में साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामलों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पहले मामले में ठगों ने मध्य प्रदेश में पढ़ रहे बेटे को कस्टडी में बताकर मां से 1.15 लाख रुपये ऐंठ लिए, जबकि दूसरे मामले में एक महिला के केनरा बैंक खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 2.42 लाख रुपये से अधिक की रकम निकाल ली गई। दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

“अम्मी बचा लो… ये लोग मार डालेंगे”, मां ने उधार लेकर भेज दिए रुपये

बनभूलपुरा के आजाद नगर निवासी नाहिद परवीन पत्नी रफीकुद्दीन के पास 15 नवंबर को एक फोन आया। कॉल करने वाले ने पहले बेटे के मध्य प्रदेश में पढ़ने की जानकारी ली। जैसे ही महिला ने हामी भरी, फोन करने वाले ने दावा कर दिया कि उनका बेटा उसकी कस्टडी में है और उसे छुड़ाने के लिए 1.75 लाख रुपये देने होंगे।

महिला ने बेटे से बात कराने को कहा तो दूसरी ओर से एक युवक की रोती हुई आवाज सुनाई दी। वह अम्मी से बचाने की गुहार लगा रहा था और कह रहा था कि ये लोग उसे मार डालेंगे। बेटे की आवाज सुनकर मां घबरा गई। ठगों ने फोन न काटने और जल्द पैसे भेजने का दबाव बनाया। बेटे को बचाने की बेचैनी में महिला ने रिश्तेदारों से उधार लिया और एक-दो घंटे के भीतर अलग-अलग माध्यमों से 1.15 लाख रुपये भेज दिए।

बाद में बेटे से संपर्क हुआ तो पता चला कि उसके साथ ऐसी कोई घटना हुई ही नहीं थी। मां को डिजिटल अरेस्ट और साइबर ठगी के जाल में फंसाया गया था। पीड़िता की शिकायत पर 19 नवंबर को बनभूलपुरा कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच उपनिरीक्षक ज्योति कोरंगा को सौंपी गई है।

तीन ट्रांजेक्शन में खाते पर हाथ साफ, 2.42 लाख गायब

दूसरे मामले में साइबर अपराधियों ने नवाबी रोड निवासी पूनम धरियाल बिष्ट पत्नी आनंद सिंह के बैंक खाते को निशाना बनाया। पीड़िता के मुताबिक, अज्ञात साइबर ठगों ने उनके केनरा बैंक की मुखानी शाखा के खाते से 2,42,550.69 रुपये निकाल लिए। हैरानी की बात यह रही कि पूरी रकम एक साथ नहीं, बल्कि तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए निकाली गई।

खाते से रकम गायब होने की जानकारी मिलते ही महिला ने साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बैंक खाते का विवरण और बैंक को दी गई शिकायत की प्रतियां भी पुलिस को सौंपीं। इसके बाद 19 नवंबर को हल्द्वानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच उपनिरीक्षक संजीत कुमार को सौंपी गई है।

डर, भरोसा और बैंक खाते… हर रास्ते से निशाने पर आम आदमी

दोनों घटनाएं साइबर अपराधियों के बदलते तौर-तरीकों की गंभीर तस्वीर पेश करती हैं। एक तरफ मां की भावनाओं से खेलकर रकम वसूली गई तो दूसरी तरफ बैंक खाते से लाखों रुपये निकाल लिए गए।

Popular Articles