Thursday, March 20, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

कर्नाटक सरकार के रुख स्पष्ट करने तक बहाल नहीं होंगी MSRTC सेवाएं

कर्नाटक में महाराष्ट्र राज्य परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की बस और उसके ड्राइवर पर हमले के बाद वहां जाने वाली बसों को निलंबित कर दिया गया है। महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने एसआरटीसी की कर्नाटक जाने वाली बसों के निलंबन का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि जब तक कर्नाटक सरकार इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट नहीं करती, तब तक कर्नाटक के लिए बस सेवाएं बहाल नहीं की जाएंगी।  मंत्री सरनाईक ने शनिवार को बताया कि बंगलूरू से एमएसआरटीसी की बस संख्या एमएच-14 केक्यू 7714 मुंबई आ रही थी। शुक्रवार रात करीब 9:10 बजे चित्रदुर्ग में कन्नड़ समर्थक कार्यकर्ताओं ने बस और ड्राइवर पर हमला कर दिया। कन्नड़ समर्थक कार्यकर्ताओं ने बस ड्राइवर भास्कर जाधव के चेहरे पर कालिख पोत दी और उसके साथ मारपीट की। कथित हमले के सिलसिले में कर्नाटक पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दूसरी तरफ, उसी दिन कर्नाटक राज्य परिवहन निगम की बस के कंडक्टर पर महाराष्ट्र की सीमा से लगे बेलगावी जिले के मुख्यालय के बाहरी इलाके में कथित तौर पर हमला किया गया, क्योंकि उसने एक लड़की को मराठी में जवाब नहीं दिया था। यह स्पष्ट नहीं है कि चित्रदुर्ग में एमएसआरटीसी बस पर हमला कंडक्टर पर कथित हमले के प्रतिशोध में किया गया था या नहीं।

पुलिस के अनुसार, बेलगावी में कंडक्टर पर कथित हमले के एक अन्य मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि कंडक्टर पर यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

51 वर्षीय कंडक्टर महादेवप्पा मल्लप्पा हुक्केरी शुक्रवार को संवाददाताओं को आपबीती बताते समय भावुक हो गया। उसने बताया कि सुलेभवी गांव में अपने पुरुष मित्र के साथ बस में चढ़ी एक लड़की मराठी में बोल रही थी। हुक्केरी ने कहा कि उसने उससे कहा कि उसे मराठी नहीं आती और उसने उससे कन्नड़ में बात करने को कहा। कंडक्टर ने आरोप लगाया, ‘जब मैंने कहा कि मुझे मराठी नहीं आती, तो लड़की ने मुझे गाली देते हुए कहा कि मुझे मराठी सीखनी चाहिए। अचानक, बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और मेरे सिर और पूरे शरीर पर हमला कर दिया।’

Popular Articles