Saturday, July 27, 2024

Top 5 This Week

Related Posts

ओडिशा के शीर्ष नेताओं ने दिल्ली में डाला डेरा

बीजद-भाजपा गठबंधन की संभावनाओं के मद्देनजर प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल, चुनाव प्रभारी विजय पाल सिंह तोमर और ओडिशा के शीर्ष भाजपा नेता दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। भाजपा के प्रदेश नेताओं ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर कई बैठकें की हैं। हालांकि, दोनों ने अब तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। सूत्रों के अनुसार, ओडिशा भाजपा का एक धड़ा बीजद के साथ गठबंधन करने के खिलाफ है। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि प्रधान पार्टी के शीर्ष नेताओं को ओडिशा के नेताओं के विचारों से अवगत कराएंगे और बुधवार दोपहर तक निर्णय की संभावना है। इस बीच बीजद भाजपा के फैसले का इंतजार कर रही है। बीजद नेता और विधायक परसुराम ढाडा ने कहा, गठबंधन को लेकर हम किसी दुविधा में नहीं हैं। पार्टी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के फैसले का पालन करेंगे। गठबंधन कोई नई बात नहीं है, यह पहले भी हुआ है और अब भी हो सकता है।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 5 मार्च को ओडिशा दौरे के बाद बीजद और भाजपा के बीच गठबंधन की अटकलें शुरू हुई थी। अगले दिन बीजद ने अपने वरिष्ठ नेताओं की बैठक की थी। सूत्रों ने बताया कि प्रधान को बीजद के साथ संभावित गठबंधन के मुद्दे पर ओडिशा भाजपा नेताओं से बात करने का काम सौंपा गया है।

Popular Articles